दो अलग-अलग सड़क हादसे में तीन की मौत
जगदलपुर। शनिवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई हैं। पहला हादसा जगदलपुर शहर के बीचों बीच हुआ है, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने बुजुर्ग को चपेट में ले लिया, वहीं दूसरी घटना आसना क्षेत्र की है जहां पर विपरीत दिशा से आ रही एक ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मारी जिसमें दोनों की मौत हो गई। फिलहाल दोनों घटनाओं में पुलिस ने वाहनों की जप्ती करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है।
जगदलपुर शहर के मोती तालाब के समीप जोधपुर टेलर में काम करने वाले कमल बर्मन (55) को एक ट्रक ने कुचल दिया है। बताया जा रहा है कि कमल शनिवार की सुबह लगभग 10 बजे घर से निकलकर दुकान की ओर जा रहे थे। जब वह पास में ही स्थित एक मंदिर के पास पहुंचे तो पीछे से आ रही ट्रक ने टक्कर मारी जिससे कमल टायरों के नीचे आ गया। इस घटना के बाद जगदलपुर सिटी कोतवाली के जवान मौके पर पहुंचे और ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है।
दंतेवाड़ा से दो बाइक सवार युवक जगदलपुर होते हुए कांकेर जा रहे थे। इस बीच जब वे आसना पहुंचे तो रायपुर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवारों को जोर की टक्कर मारी। जिससे दंतेवाड़ा जिले के बींजाम के रहने वाले नरेंद्र नेताम (35) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चेतन नाग (36) गंभीर रूप से घायल हुआ था। जिसे आसपास के लोग एंबुलेंस की मदद से अस्पताल लेकर गए लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। मृत दोनों युवकों के शव का पोस्टमॉर्टम कर शव को परिजनों को सौंप दिया गया है।

पाठको की राय