Sunday, October 25th, 2026

एक सितंबर से आनलाईन होंगी परिवहन की तीन महत्वपूर्ण सेवाएं, नहीं जाना होगा RTO

भोपाल
आपका ड्राइविंग लाइसेंस गुम गया है,उसकी दूसरी प्रति प्राप्त करना है। लाइसेंस में दर्ज पता बदलवाना है या फिर आपके ड्राइविंग लाइसेंस की वैधता की अवधि समाप्त हो रही है और आपको इसका नवीनीकरण कराना हो तो अब ये सभी काम आॅनलाईन हो सकेंगे। इनके लिए आपको जिला परिवहन कार्यालय आने की जरूरत नहीं पड़ेगी। परिवहन विभाग पूरे प्रदेश में एक सितंबर से ये सभी काम आॅनलाईन करने की सुविधा देने जा रहा है। इसके पहले एक अगस्त से पूरे प्रदेश में वाहन चालन का लर्निंग लाइसेंस बनवाने की प्रक्रिया आॅनलाईन की जा रही है। बस स्थायी लाइसेंस बनवाने के लिए टेस्ट देने के बाद ही लाइसेंस बनवाया जा सकेगा। एक बार स्थायी लाइसेंस बन जाने के बाद अब वाहन चालकों को भविष्य में वाहन चालन लाइसेंस संबंधी कामों के लिए परिवहन विभाग के दफ्तर में चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।

ड्राइविंग लाइसेंस यदि खराब हो गया है या गुम गया है तो इसके लिए आॅनलाईन आवेदन किया जा सकेगा। इसकी फीस जमा कर आॅनलाईन डुप्लीकेट लाइसेंस प्राप्त किया जा सकेगा। इसी तरह यदि किसी व्यक्ति ने अपना निवास स्थान बदल लिया है और उसे ड्राइविंग लाइसेंस में भी नया पता परिवर्तित कराना है तो यह काम भी आॅनलाईन फीस जमा कर हो जाएगा। इसके अलावा यदि किसी के ड्राइविंग लाइसेंस की वैधता अवधि समाप्त हो रही है तो उसे भी आॅनलाईन फीस जमा करने के बाद लाइसेंस नवीनीकरण की सुविधा मिल सकेगी। ये तीनो काम अब आॅनलाईन हो जाएंगे।

आॅनलाईन ये सुविधाएं मिलने से परिवहन विभाग के दफ्तरों मेें बार-बार चक्कर से मुक्ति मिलेगी। कोरोना संक्रमण से भी बचा जा सकेगा और आॅनलाईन आवेदन होने से इस काम की मानीटरिंग भी आसान हो सकेगी। इसमें ज्यादा लेटलतीफी पर भी रोक लग सकेगी।

परिवहन विभाग एक सितंबर से वाहन चालकों को तीन सुविधाएं और आॅनलाईन देने जा रहा है। ड्राइविंग लाइसेंस रिन्यूअल,पते में परिवर्तन और डुप्लीकेट प्रति अब आॅनलाईन आवेदन करने पर मिल जाएगी।
मुकेश जैन, परिवहन आयुक्त

 

#RTO

Source : Agency

पाठको की राय