Wednesday, October 21st, 2026

दीपावली की रात बुझे तीन घर के चिराग, एंबुलेंस से टकराकर गई तीन दोस्तों की जान

कानपुर
दीपावली की रात जब लोग दीपों से घरों को रोशन कर रहे थे, उसी समय हमीरपुर के तीन घरों के चिराग बुझ गए। घाटमपुर के सजेती थानाक्षेत्र में कानपुर-सागर हाईवे पर पावर प्लांट के गेट के पास एंबुलेंस की टक्कर से बाइक सवार तीन युवकों की जान चली गई। हादसे के बाद राजमार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया, पुलिस ने जाम खुलवाया और शिनाख्त के बाद घटना की जानकारी स्वजन को दी तो कोहराम मच गया। हमीरपुर में कल्पवृक्ष यज्ञशाला के पास के रहने वाले बद्री गुप्ता का 22 वर्षीय बेटा दिनेश बाइक से पड़ोसी रामनारायण निषाद के 21 वर्षीय बेटे आकाश व जगरूप के 26 वर्षीय बेटे ज्ञानेंद्र के साथ दीपावली की परेवा को घूमने निकले थे। शुक्रवार की रात करीब 10 बजे घाटमपुर की ओर से हमीरपुर लौट रहे थे। कानपुर सागर राजमार्ग पर रामपुर गांव पार करने के बाद पावर प्लांट के लिंक रोड के नजदीक सामने से आ रही एंबुलेंस से बाइक टकरा गई। एंबुलेंस की तेज टक्कर से बाइक से तीनों युवक उछलकर सड़क गिर गए। हादसे के बाद हाईवे पर यातायात प्रभावित हो गया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस पहुंच गई और गंभीर रूप से घायल युवकों को दूसरी एंबुलेंस बुलाकर हमीरपुर जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। वहीं जिस एंबुलेंस से हादसा हुआ था, उसमें सवार गर्भवती महिला को दूसरे वाहन से कानपुर अस्पताल भेजा गया। गर्भवती महिला को हमीरपुर जिला अस्पताल से रेफर किया गया था। पुलिस ने शिनाख्त के बाद हमीरपुर में मृतकों केे स्वजन को सूचना दी तो कोहराम मच गया। स्वजन रोते बिलखते जिला अस्पताल पहुंचे।

तीनों कहां गए थे नहीं चल सका पता
पुलिस के मुताबिक तीनों युवक बाइक से कहां गए थे, यह नहीं पता चल सका है। जिस बाइक से हादसा हुआ वह भी उन तीनों की नहीं थी। हादसे में जान गंवाने वाला 26 वर्षीय ज्ञानेंद्र कार चालक था और आकाश अपने पिता रामनारायण के साथ हलवाई का काम करता था। दिनेश अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था। हादसे के बाद से स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
 

 

#Three house

Source : Agency

पाठको की राय