Friday, October 23rd, 2026

महिलाओं की SIT बनी MMS कांड की जांच के लिए, अब तक तीन दबोचे; दो दिन बाद शांति

चंडीगढ़
मोहाली की चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में छात्राओं के अश्लील एमएमएस बनाने के मामले में पंजाब सरकार अब ऐक्टिव हो गई है। प्रदेश सरकार ने तीन सदस्यीय एसआईटी के गठन का ऐलान किया है। इस एसआईटी की सभी सदस्य महिलाएं ही होंगी। पंजाब पुलिस के डीजीपी ने इस फैसले की जानकारी देते हुए ट्वीट किया, 'मुख्यमंत्री भगवंत मान के आदेश पर तीन सदस्यीय एसआईटी का गठन कर दिया गया है। इसमें सभी महिलाएं होंगी। यह एसआईटी आईपीएस अधिकारी गुरप्रीत देव की निगरानी में काम करेगी। अब तक इस केस में एक छात्रा और दो अन्य लोगों को अरेस्ट किया जा चुका है।'

यही नहीं पंजाब के डीजीपी ने हिमाचल प्रदेश से एक शख्स की गिरफ्तारी के मामले सहयोग के लिए पड़ोसी राज्य की पुलिस को धन्यवाद दिया। डीजीपी ने कहा कि आरोपियों के पास मिलीं डिवाइसेज को बरामद कर लिया गया है और फॉरेंसिंक जांच के लिए भेजा गया है। एसआईटी इस केस में हुई साजिश के हर पहलू की जांच करेगी। इस मामले में शामिल किसी भी शख्स को बख्शा नहीं जाएगा। हम सभी से शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील करते हैं। किसी भी अफवाह में न पड़ें और मिल-जुलकर शांति एवं सद्भाव से काम करें।   

बता दें कि अब तक चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी केस में तीन लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। सबसे पहले उस छात्रा को अरेस्ट किया गया था, जिसने नहाती हुई छात्राओं के वीडियो बनाए थे। इसके अलावा उसके शिमला स्थित दोस्त और एक अन्य युवक को भी अरेस्ट कर लिया गया है। इस बीच यूनिवर्सिटी में 24 सितंबर तक के लिए पढ़ाई बंद करने का फैसला लिया गया है। यही नहीं विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्टूडेंट्स की सभी मांगों को स्वीकार कर लिया है। इसके बाद से ही छात्रों ने अपने आंदोलन को वापस ले लिया है और फिलहाल यूनिवर्सिटी परिसर में तनावपूर्ण शांति देखने को मिल रही है।

 

#Three arrested

Source : Agency

पाठको की राय