Tuesday, October 20th, 2026

इस साल 59% कंपनियां कर्मचारियों का वेतन बढ़ाने की तैयारी में

नई दिल्ली
पिछले साल कोरोना वायरस महामारी की वजह से नीचे आई अर्थव्यवस्था अब उबर रही है। ऐसे में एक अध्ययन में कहा गया है कि इस साल यानी 2021 में भारत में 59 प्रतिशत कंपनियां अपने कर्मचारियों को वेतनवृद्धि देने की तैयारी कर रही हैं।

स्टाफिंग कंपनी जीनियस कंसल्टेंट्स की नियुक्ति, कर्मचारियों के कंपनी छोड़ने और वेतन के रुख पर 10वीं रिपोर्ट 2021-22 में कहा गया है कि अच्छी वृद्धि दर के साथ बाजार के भी स्थिर रहने की उम्मीद है। कंपनियां अपने कारोबार की निरंतरता की रणनीति पर काम करने के अलावा श्रमबल को भी मजबूत करेंगी।

रिपोर्ट में कहा गया है कि इस साल वेतनवृद्धि का परिदृश्य अच्छा दिख रहा है। 59 प्रतिशत कंपनियों ने कहा कि इस साल वे 5 से 10 प्रतिशत के बीच वेतनवृद्धि देंगी। वहीं 20 प्रतिशत कंपनियों ने कहा कि वेतनवृद्धि पांच प्रतिशत से कम रहेगी। 21 प्रतिशत का कहना था कि 2021 में भी कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि नहीं होगी।

यह अध्ययन फरवरी और मार्च के दौरान 1,200 कंपनियों के बीच ऑनलाइन किया गया। इनमें बैंकिंग और वित्त, निर्माण और इंजीनियरिंग, शिक्षा/शिक्षण/प्रशिक्षण, एफएमसीजी, आतिथ्य, एचआर समाधान, आईटी, आईटीईएस और बीपीओ, लॉजिस्टिक्स, विनिर्माण, मीडिया, तेल एवं गैस, फार्मा और चिकित्सा, बिजली और ऊर्जा, रियल एस्टेट, खुदरा, दूरसंचार, वाहन और संबद्ध क्षेत्र की कंपनियां शामिल हैं।

 

#कर्मचारि

Source : Agency

पाठको की राय