Wednesday, October 21st, 2026

इस बार बंगाल विधानसभा में दो दीदियों की टक्कर दिलचस्प 

कोलकाता 
पश्चिम बंगाल की विधानसभा में इस बार सीएम ममता दीदी को बीजेपी की दीदी से कड़ी टक्कर मिलेगी। विधानसभा में दो दीदियों की टक्कर दिलचस्प होने का अनुमान लगाया जा रहा है। ममता बनर्जी को राज्य में ही नहीं, देश में भी हर कोई दीदी के नाम से संबोधित करता है। वहीं बीजेपी के टिकट पर जीतीं श्रीरूपा मित्रा चटर्जी को भी दीदी के नाम से बुलाया जाता रहा है। उन्होंने मालदा जिले की इंग्लिशबाजार सीट से जीत हासिल कर विधानसभा का सफर तय किया है। श्रीरूपा अपने समर्थकों के बीच निर्भया दीदी के नाम से लोकप्रिय हैं।

फिलहाल निर्भया दीदी कोरोना से पीड़ित हैं और कोलकाता के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। 56 वर्षीय श्रीरूपा को अप्रैल के अंत में कोरोना हो गया था। महिला अधिकारों के लिए काम करने वालीं निर्भया दीदी को सरकार ने रेप, महिला तस्करी और हिंसा के खिलाफ बनी टास्क फोर्स का चेयरपर्सन बनाया था। 2012 में दिल्ली में हुए निर्भया गैंगरेप की घटना के बाद केंद्र सरकार ने 2012 में इस कमिटी का गठन किया था। यही नहीं मालदा जिले में चले 'निर्भय ग्राम' कैंपेन की शुरुआत भी उनकी ही देन है। इस कैंपेन के तहत उन्होंने गांवों को सशक्त करने और महिलाओं एवं बच्चों को मजबूती देने का अभियान चलाया था। 

 

#दो दीदियों

Source : Agency

पाठको की राय