Thursday, October 22nd, 2026

विराट कोहली से बीच मैदान में भिड़ा ये श्रीलंकाई खिलाड़ी, हैंडशेक के दौरान कोहली और फर्नांडो हंसते हुए दिखाई दिए

नई दिल्ली
विराट कोहली को मैदान पर उनके एग्रेशन के लिए जाना जाता है, जब भी कोई विपक्षी टीम का खिलाड़ी उनसे पंगे लेता है या फिर जुबानी जंग करने का प्रयास करता है तो किंग कोहली उसे अपने मुंह के अलावा बल्ले से जबरदस्त जवाब देते हैं। बुधवार, 7 अगस्त की शाम भी श्रीलंका के असिता फर्नांडो ने उनसे भिड़ने की कोशिश की, कोहली ने जवाब में उन्हें बहुत कुछ कहा, मगर वह बल्ले से इस बार कोई जवाब नहीं दे पाए। वहीं मैच के बाद दोनों के बीच ये जंग एकदम शांत दिखी क्योंकि हैंडशेक के दौरान कोहली और फर्नांडो हंसते हुए दिखाई दिए।

विराट कोहली के लिए यह श्रीलंका दौरा किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा। तीसरे वनडे में वह मात्र 20 के निजी स्कोर पर आउट हुए। वहीं इससे पहले दो वनडे में उन्होंने 24 और 14 ही रन बनाए थे। हैरानी की बात यह है कि विराट इस पूरी सीरीज में स्पिनर्स के हाथों LBW आउट हुए, ऐसा उनके करियर में पहली बार ही हुआ है।

2-0 से सीरीज हारा भारत
भारत को श्रीलंका के खिलाफ तीन मैच की यह वनडे सीरीज 2-0 से गंवानी पड़ी। श्रीलंकाई टीम 1997 के बाद पहली बार भारत के खिलाफ सीरीज जीतने में कामयाब रहा। सीरीज का पहला मैच टाई रहा, वहीं अगले दो वनडे मुकाबलों में मेजबान टीम ने अपने धाकड़ स्पिनर्स के दम पर जीत दर्ज की।

सीरीज की शुरुआत में श्रीलंकाई टीम थोड़ी कमजोर नजर आ रही थी, उनके कई गेंदबाज चोट या स्वास्थ्य ठीक ना होने की वजह से सीरीज का हिस्सा नहीं बन पाए थे, वहीं वानिंदू हसरंगा भी बीच सीरीज में चोट के चलते बाहर हो गए थे। इसके बावजूद श्रीलंकाई टीम ने सीरीज में भारत को एक भी मैच जीतने का मौका नहीं दिया।

 

 

#virat kohli

Source : Agency

पाठको की राय