Sunday, October 25th, 2026

ये सरकार राम के नाम पर रावण की करती है पूजा.... अधीर रंजन का अमित शाह को जवाब

नई दिल्ली
कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर बीते रोज केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा लगाए गए आरोपों पर कांग्रेसी सांसद अधीर रंजन चौधरी ने जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि यह सरकार 'राम' के नाम पर 'रावण' की पूजा करती रही है। उनके शासन में लोग पीड़ित हैं। बता दें कि अमित शाह ने कहा था कि जिस दिन कांग्रेसियों ने काले कपड़े पहनकर प्रदर्शन किया, उस दिन पीएम मोदी ने अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर मंदिर का शिलान्यास किया था।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आरोपों का जवाब देते हुए कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि यह सरकार राम के नाम पर रावण की पूजा करती रही है। इस सरकार के राज में जनता पीड़ित है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सरकार जनविरोधी और कारपोरेट समर्थक है। अधीर रंजन चौधरी ने आगे कहा कि कांग्रेस मूल्य वृद्धि और बेरोजगारी की अभूतपूर्व दर का विरोध कर रही है। खुद पर सवाल उठते देखना भाजपा बर्दाश्त नहीं कर पा रहा है। इसलिए वे अपने एकमात्र हथियार 'राम' का सहारा लेकर आम लोगों का ध्यान हटाने की कोशिश कर रहे हैं।

अमित शाह ने क्या कहा था
गौरतलब है कि बीते शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देशभर में कांग्रेस के प्रदर्शन का कड़ा विरोध किया था। उन्होंने कहा था कि आखिर कांग्रेस ने प्रदर्शन के लिए आज का ही दिन क्यों चुना? आखिर प्रदर्शन के लिए काले कपड़े क्यों पहने गए? उन्होंने कहा कि पिछले साल आज के ही दिन प्रधानमंत्री मोदी ने अयोध्या में श्रीरामजन्म भूमि पर मंदिर का शिलान्यास किया था। आज के दिन तो जश्न मनाया जाना चाहिए था, लेकिन कांग्रेस ने तुष्टिकरण की राह पर चलते हुए आज के दिन विरोध प्रदर्शन किया। 

 

#This government

Source : Agency

पाठको की राय