Thursday, October 22nd, 2026

एसबीआई एटीएम में चोरों का धावा मशीन को तोड़ते समय आग लगने से नोट जलकर खाक

कांकेर। अज्ञात चोरों ने एक बार फिर से बैंक के एटीएम को अपना निशाना बनाया और एटीएम मशीन को तोडऩे के प्रयास में मशीन में आग लग गई जिससे अंदर रखे नोट जल गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल वहां पहुंची लेकिन तब अज्ञात चोर सफेद रंग की कार में बैठकर फरार हो गये। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर आरोपयिों की तलाश के शुरू कर दी। इस दौरान पुलिस ने शहर से बाहर जाने वाली सीमाओं पर चौकसी बढ़ा दी और बाहर जाने वाली गाडिय़ों की सख्ती के साथ जांच की जा रही है। बैंक अधिकारियों ने बताया कि एटीएम मशीन के अंदर 15 लाख रुपए भरे हुए थे जो जलकर राख हो गये।

प्राप्त समाचारों के अनुसार यह पूरा वाक्या कांकेर जिले के पंखाजूर का बताया जा रहा है। जहां अज्ञात चोरों ने होलिका दहन की देर रात घटना को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि सफेद कार में कुछ लोग रात करीब 3 बजे नगर पंचायत के पास लगे एसबीआई के एटीएम पहुंचे। इस बूथ में दो दो एटीएम मशीने लगी हुई हैं। इस एटीएम बूथ पर सुरक्षा गार्ड की नियुक्ति नहीं है केवल सीसी कैमेरे लगे हुए हैं। चोरों ने बूथ के सामने ही अपनी गाड़ी खड़ी की और फिर शटर गिरा दिया। चोरों ने दोनों एटीएम मशीन में तोड़-फोड़ कर ऊपर का कवर हटा दिया। फिर गैस कटर से एक एटीएम को काटना शुरू किया। इसी दौरान एटीएम में आग लग गई। इसके चलते चोर हड़बड़ा गए। इससे पहले कि समझ पाते आग और भभकने लगी और एटीएम में रखे सारे रुपए जलकर खाक हो गए। इस दौरान एटीएम के आसपास रहने वालों ने शटर गिरने की आवाज सुनी तो वे भी बाहर आकर देखने लगे। इसकी भनक चोरों को लगी तो वे भी वहां से भाग निकले। इस बीच सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची तो उस समय एटीएम मशीन जल रही थी जिस पर उन्होंने रेत डालकर आग पर काबू किया।

इस घटना की जानकारी पुलिस ने बैंक कर्मचारियों को दी और इसके बाद जो एटीएम मशीन सुरक्षित थी उसे बैंक के अफसर निकाल कर अपने साथ ले गए। बैंक अधिकारियों ने बताया बताया कि अनुमान के अनुसार, एटीएम में 15 लाख रुपए थे। इस घटना की जानकारी बैंक के अफसरों ने संबंधित बैंक अफसरों को दी है।

पुलिस की ओर से नगर में लगाए गए सीसी कैमरे से कोई मदद नहीं मिल सकी है। जिस जगह सीसी कैमरे लगे है वह नगर का मुख्य मार्ग है। इस जगह को पुलिस के लगाए कैमरों की कवरेज नहीं है। ऐसे में पुलिस आसपास निजी लोगों के कैमरों की मदद ले रही है। इसके अलावा एटीएम में लगे कैमरों का भी रिकार्ड मांगा गया है,एटीएम में धावा करने वाले अज्ञात चोरों ने किसी भी प्रकार का नकाब नहीं पहना था जिससे उनके जल्दी पकड़े जाने की संभावना पुलिस ने जताई है।

 

Source : Agency

पाठको की राय