इन लोगों को मई और जून में मिलेगा मुफ्त राशन, 8.71 करोड़ लाभुकों को मिलेगा फायदा
पटना
राज्य के जन वितरण के हर लाभुक को मई और जून महीने में पांच- पांच किलो अनाज मुफ्त मिलेगा। इसका लाभ राज्य के 8.71 करोड लाभुकों को मिलेगा। खास बात यह है कि मुफ्त में मिलने वाला यह अनाज हर महीने के लिए तय लाभुकों के कोटा से अलग होगा। इसके लिए भारतीय खाद्य निगम ने राज्य खाद्य निगम को 8.70 लाख टन अनाज का आवंटन कर दिया है। इसके उठाव की अंतिम तारीख केन्द्र ने 31 मई तय की है। कोरोना काल में राज्य के जन वितरण के लाभुकों को मुफ्त अनाज देने की घोषणा केन्द्र सरकार ने की है। यह अनाज प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत दिया जाना है। हर लाभुक को मई और जून दोनों महीनों के लिए पांच-पांच किलो अनाज देना है। गरीबों को दिये जाने वाले अनाज में दो किलो गेहूं और तीन किलो चावल होगा।
सरकार ने गत वर्ष के कोरोना लहर में भी यह व्यवस्था की थी। लेकिन, उस साल बाद में सरकार ने सभी लाभुकों को एक किलो दाल देने की भी व्यवस्था की थी। इस बार अब तक सिर्फ चावल और गेहूं देने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए राज्य सरकार को अनाज के आवंटन होने के साथ उठाव भी शुरू हो गया है। जिलों के लाभुकों की संख्या के हिसाब से वितरण राज्य सरकार को करना है।
राज्य सरकार को दिया गया 8.70 लाख टन अनाज का आवंटन सिर्फ प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के लिए है। इसके अलावा हर महीने के लिए मिलने वाला राशन का आवंटन अलग से मिलेगा। हालांकि केन्द्र सरकार पहले 8.57 करोड लाभुकों के लिए ही अनाज देती थी। गत वर्ष छुटे हुए लाभुकों को जोड़कर केंद्र ने 8.71 करोड लाभुकों के लिए अनाज देने की मंजूरी दे दी है।

पाठको की राय