Wednesday, October 21st, 2026

इन बैंकों ने आज से कर्ज किया महंगा, बढ़ेगी ईएमआई

नई दिल्ली
 
केनरा बैंक और करुड़ वैश्य बैंक ने कहा है कि उन्होंने अपनी ऋण दरों (Loan Rate) में संशोधन किया है, जिसके चलते इनसे जुड़े कर्ज की मासिक किस्त (ईएमआई) में बढ़ोतरी होगी।  केनरा बैंक ने शेयर बाजार को बताया कि नई दरें सात जून से प्रभावी हैं। ज्यादातर ऋण एक साल की अवधि वाले एमसीएलआर से जुड़े होते हैं। सार्वजनिक क्षेत्र के केनरा बैंक ने एक साल की अवधि वाली कोष की सीमांत लागत आधारित ऋण दर (एमसीएलआर) को 0.05 फीसद बढ़ाकर 7.40 फीसद कर दिया है।  बैंक ने छह महीने की अवधि के लिए एमसीएलआर दर भी 7.30 फीसदी से बढ़ाकर 7.35 फीसदी कर दी है।

 इस बीच, निजी क्षेत्र के करुड़ वैश्य बैंक ने शेयर बाजार को बताया कि उसने बेंचमार्क प्रधान ऋण दर (बीपीएलआर) को 0.40 फीसद बढ़ाकर 13.75 फीसद और आधार दर को भी 0.40 फीसद बढ़ाकर 8.75 फीसद कर दिया है। बीपीएलआर, एमसीएलआर व्यवस्था से पहले उधार देने का पुराना मानक है।

दरों में बढ़ोतरी रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समीक्षा बैठक के नतीजे आने से कुछ दिन पहले हुई है। अनुमान है कि आरबीआई गवर्नर की अध्यक्षता वाली मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) मुद्रास्फीति पर काबू पाने के लिए बुधवार को दरें बढ़ा सकती है।

 

 

#कर्ज किया महंगा

Source : Agency

पाठको की राय