Thursday, October 22nd, 2026

आज भी दिनभर होगी बारिश, कल से मिलेगी राहत

 लखनऊ 
 महाराष्ट्र और गुजरात के तटीय इलाकों में तबाही मचा रहे चक्रवाती तूफान ताउते का असर बुधवार को यूपी के कई इलाकों में दिनभर रहा। प्रचंड गर्मी वाले मई में सावन के महीने का एहसास हुआ। दिनभर बारिश की फुहारें और ठंडी हवाएं चलती रहीं। शहरों का दिन का तापमान सामान्य से 11 डिग्री तक नीचे खिसक गया। आईएमडी के अनुसार अभी इसमें और गिरावट आने का आसार है क्योंकि गुरुवार को भी ताउते का असर रहेगा।

मौसम में बदलाव पिछले तीन दिनों से बना हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ और ताउते तूफान के कारण आसमान में बादलों का जमावड़ा बना रहा। आद्रता बढ़ने से चिपचिपी गर्मी शुरू हो गई थी। शरीर का पसीना नहीं सूख रहा था। गुजरात व महाराष्ट्र से लगभग 1000 किलोमीटर दूर तक पहुंचने में तूफान तो कमजोर हो गया, लेकिन हवा का कम दबाव बना रहा। बुधवार को सुबह से बारिश शुरू हुई तो दिनभर चलती ही रही। कभी तेज तो कभी रिमझिम बारिश से पारा लुढ़क गया। इससे लोगों को अपने घरों में एसी, कूलर व पंखा तक बंद करना पड़ गया।

24 घंटे में 22.2 मिली मीटर बारिश हुई
मौसम विभाग के अनुसार बीते लखनऊ में 24 घंटे में कुल 22.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई है। सुबह के वक्त काफी तेज बारिश हुई है। इसमें सुबह 8.30 बजे तक 13 मिलीमीटर हो गई थी। इसके बाद रात 8.30 बजे तक 9.2 मिली मीटर बारिश दर्ज हुई है। गुरुवार को भी दिनभर बारिश के आसार हैं। शुक्रवार को बारिश की संभावना तो नहीं है, लेकिन बादलों की आवाजाही बनी रहेगी।

 

#बारिश

Source : Agency

पाठको की राय