Sunday, October 25th, 2026

अगस्त से टीकाकरण के लिए हर दिन होंगे एक करोड़ टीके: सरकार 

 नई दिल्ली 
भारत में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर की रफ्तार काफी धीमी हुई है। सात मई को उच्चतम स्तर दर्ज किए जाने के बाद से कोविड के मामलों में लगभग 69 प्रतिशत की गिरावट आई है। यह जानकारी केंद्र सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने दी है। साथ ही सरकार का कहना है कि जल्द ही टीके की किल्लत को दूर कर लिया जाएगा।  केंद्र सरकार का दावा है कि जुलाई या अगस्त की शुरुआत तक देश के पास प्रतिदिन एक करोड़ लोगों को टीका लगाने के लिए कोविड-19 की पर्याप्त वैक्सीन होगी। आपको बता दें कि फिलहाल देश में कोवैक्सिन, कोविशील्ड और स्पूतनिक-वी की मदद से टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है।
 
केंद्र सरकार ने आज यह भी बताया कि अगले अपडेट तक कोविड के टीकों का मिश्रण प्रोटोकॉल नहीं है। दो खुराक वाले टीकों कोविशील्ड और कोवैक्सीन के कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं है। वहीं, लॉकडाउन को लेकर सरकार का कहना है कि जिलों को खोलने के लिए, एक सप्ताह के लिए कोविड संक्रमण की दर पांच प्रतिशत से कम होनी चाहिए, 70 प्रतिशत से अधिक संवेदनशील आबादी का टीकाकरण किया जाना चाहिए। सरकार के मुताबिक, देश के 344 जिलों में कोविड-19 के मामलों की संक्रमण दर पांच प्रतिशत से कम है।

 

#टीकाकरण

Source : Agency

पाठको की राय