Saturday, October 24th, 2026

VVIP मूवमेंट को लेकर इन सड़कों पर रहेगी नो एंट्री, जान लीजिए पटना का ट्रैफिक प्लान

पटना
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 21 अक्तूबर को पटना आ रहे हैं. उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने सारी तैयारियां कर ली हैं. मंगलवार को ट्रैफिक एसपी कार्यालय ने 21 अक्तूबर का ट्रैफिक रूट प्लान जारी किया है. इसके मुताबिक प्रशासन की ओर से विधानसभा के आसपास की कई महत्वपूर्ण सड़कों पर सुबह 10.30 बजे से दोपहर 12.30 बजे दोपहर तक या कार्यक्रम समाप्ति तक आम वाहनों का परिचालन पूरी तरह से बंद रहेगा. इस दौरान इन सड़कों पर सिर्फ एंबुलेंस, आपातकालीन वाहन, शव वाहन, पासधारक वाहन को ही जाने की अनुमति होगी.

राष्ट्रपति के आगमन पर जारी ट्रैफिक रूट प्लान के मुताबिक इस 21 अक्तूबर को आर ब्लॉक आरओबी के ऊपर से हार्डिग रोड की ओर वाहनों को नहीं जाने दिया जायेगा. ये सभी वाहन वीरचंद पटेल पथ होते हुए आयकर गोलंबर से बेली रोड होते हुए पश्चिम की ओर जा सकते हैं. आर ब्लॉक में नीचे से हार्डिंग रोड में वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी. ये वाहन आर ब्लॉक चौराहा से अटल पथ की ओर जा सकते हैं.

मैंगल्स रोड से हार्डिंग रोड में किसी भी वाहनों को नहीं जाने दिया जायेगा. ये सभी वाहन आर ब्लॉक चौराहा की ओर जा सकते हैं. मैंगल्स रोड में सप्तमूर्ति गोलम्बर से दारोगा राय स्मारक की तरफ वाहनों का परिचालन नहीं होगा.

भिखारी ठाकुर पुल से हार्डिंग रोड जाने वाले वाहन 15 नं० पुल के उपर से गर्दनीबाग, मीठापुर सब्जी मंडी की ओर जा सकते हैं. माल रोड में 15 नं० पुल के नीचे से सचिवालय गेट नंबर 1 की ओर वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा.

15 नं० पुल के उपर से हार्डिंग रोड में वाहनों का परिचालन नहीं होगा. ये वाहन सीधे पूरब गर्दनीबाग की ओर एवं पश्चिम चितकोहरा, अनिसाबाद की ओर जा सकते हैं. चितकोहरा पुल के नीचे से हज भवन रोड या हार्डिंग रोड में वाहनों का परिचालन नहीं होगा.

 

#VVIP movement

Source : Agency

पाठको की राय