Tuesday, October 20th, 2026

अग्निवीर भर्ती में इतने आवेदन आए कि कट आफ लगाना पड़ा- लेफ्टिनेंट जनरल दास

जबलपुर
 सैन्य पुलिस के लिए महिला अग्निवीरों की भर्ती रैली सोमवार को पूर्ण हो गई। शारीरिक दक्षता परीक्षा का चरण समाप्त हो गया। भर्ती रैली के अंतिम दिन मध्य भारत क्षेत्र के कमांडिंग आफीसर लेफ्टिनेंट जनरल एमके दास भी जम्मू एंड कश्मीर राइफल्स सेंटर स्थित भर्ती-रैली स्थल पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने महिला अग्निवीर बनने आई अभ्यर्थियों को हरी झंडी दिखाकर 1600 मीटर दौड़ के लिए रवाना किया। लेफ्टिनेंट जनरल एमके दास ने भर्ती-रैली में शामिल युवतियों से कहा कि जो सफल हो गए, वो कड़ा परिश्रम करें। आगे बड़ी चुनौतियां आएंगी। जो असफल हुए हैं, वो अगली बार अधिक तैयारी करके आएं- उनका भर्ती-रैली में फिर स्वागत रहेगा।

शारीरिक दक्षता परीक्षा में पास हा चुके अभ्यर्थियों का आज मंगलवार को मेडिकल टेस्ट होगा। मेडीकल का चरण पार करने वालों की लिखित परीक्षा होगी। लिखित परीक्षा फरवरी 2023 में संभावित है। भर्ती रैली का जायजा लेने पहुंचे लेफ्टिनेंट जनरल एमके दास ने कहा कि सेना के प्रति युवतियों का रूझान किसी सपने से कम नहीं है। इतनी बड़ी संख्या में युवतियों ने महिला अग्निवीर बनने के लिए आवेदन किए कि भर्ती के लिए शैक्षणिक योग्यता के आधार पर कटआफ लगाना पड़ गया। इस रैली के लिए मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ की 32834 युवतियों ने आवेदन किए थे। लेकिन सभी को तो रैली में शामिल नहीं किया जा सकता था, इसलिए मैट्रिक के अंकों के आधार पर आवेदकों को रैली में शामिल होने के लिए बुलावा पत्र भेजे गए। इस स्क्रुटनी के बाद केवल 1601 अभ्यर्थियों को रैली के आमंत्रित किया गया। इनमें से भी 611 (पहले दिन 326 और दूसरे दिन 285) आवेदक ही रैली में शामिल हो पाईं।

 

#अग्निवीर भर्ती

Source : Agency

पाठको की राय