समन शुल्क वसूली में नहीं हुआ मिलान, कैग ने भी दर्ज कराई थी आपत्ति
भोपाल
प्रदेश के दो दर्जन से ज्यादा जिलों के पुलिस अधीक्षकों ने परिवहन विभाग के कुछ आदेशों पर ध्यान नहीं दिया, नतीजे में परिवहन के समन शुल्क की राशि का मिलान ही नहीं हो पा रहा है। इस लापरवाही से पुलिस मुख्यालय नाराज है। मुख्यालय के पुलिस ट्रैनिंग एण्ड रिसर्च इंस्टीट्यूट (पीटीआरआई) ने इन सभी पुलिस अधीक्षकों को अब चेताया है कि वे एक अफसर अलग से तैनात करें जो परिवहन विभाग के आदेशों को प्रतिदिन देखे और उस पर अमल करवाये।
बताया जाता है कि परिवहन विभाग ने समन शुल्क की दरों में समय-सयम पर संशोधन कर वेबसाइट पर अपलोड कर दिया था। इस आदेश को पुलिस में यातायात प्रभारियों ने समय पर चेक नहीं किया, नतीजे में वे पुराने समन शुल्क से ही वसूली करते रहे। जबकि उन्हें संशोधित राशि से वसूली करना थी। अब समन शुल्क की राशि का मिलान किए जाने में दिक्कत आ रही है। कैग ने भी इस पर आपत्ति दर्ज कराई थी।
आगर मालवा, अलीरापुर, बैतूल, बुरहारनपुर, भिंड, छतरपुर, दमोह, दतिया, देवास, गुना, ग्वालियर, इंदौर, जबलपुर, मुरैना, नरसिंहपुर, रतलाम, रायसेन, सागर, शाजापुर, सतना, सीहोर, शहडोल, शिवपुरी, सीधी और उमरिया एसपी को इस संबंध में लिखा गया है।
पुलिस ट्रैनिंग एण्ड रिसर्च इंस्टीट्यूट ने 25 जिलों के पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि वे एक अफसर नामजद तैनात करें जो प्रतिदिन वेबसाइट चैक करें और यातायात से संबंधित राजपत्र आदेश जो प्रकाशित या जारी हो रहे हैं उन्हें संज्ञान में लेकर अमल में लाए। इस कार्य में यदि देरी होती है तो संबंधित अफसर पर उत्तरदायित्व तय किया जाए। इस संबंध में सभी जिलों को वेबसाइट चैक करने के लिए अफसर की नियुक्ति कर पीटीआरआई को अवगत कराना है।

पाठको की राय