Wednesday, October 21st, 2026

बिहार विधानसभा शीतकालीन सत्र में सीटिंग अरेजमेंट को लेकर विधानसभा में हुआ भारी बवाल, भड़के स्पीकर

पटना
बिहार विधानसभा शीतकालीन सत्र का आज चौथा दिन है। वहीं आज सदन में सीटिंग अरेंजमेंट को लेकर जमकर विरोध-प्रदर्शन किया। जिस कारण सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई। दरअसल, आरजेडी विधायक भाई वीरेन्द्र ने सदन में नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठने के लिए पहुंच गए, जिस कारण सदन का माहौल गरमा गया। इधर विधानसभा अध्यक्ष ने भी भाई वीरेन्द्र के इस रवैये पर नाराजगी प्रकट की। साथ ही विधानसभा अध्यक्ष ने भाई वीरेन्द्र को चेतावनी दी।

विधानसभा अध्यक्ष ने दी चेतावनी
विधानसभा अध्यक्ष ने चेतावनी देते हुए कहा कि  "गंभीर परिणाम भुगतने होंगे, अव्यवस्था मत फैलाइए।" हंगामा बढ़ता देख उन्होंने मार्शल्स को हस्तक्षेप करने का आदेश दिया और संबंधित विधायकों को सदन से बाहर निकालने के निर्देश दिए।

मामले पर भाई वीरेन्द्र ने क्या बताया
वहीं इन सब बातों पर आरजेडी विधायक भाई वीरेन्द्र का कहना है कि हमारे दल के तीन विधायक जो सत्तापक्ष में जाकर बैठते हैं, हम लोगों की मांग थी कि उनका सीट अलॉटमेंट जहां है, वहां बैठें...नहीं तो उनकी सदस्यता रद्द की जाए। इस संबंध में हमारे दल के नेता तेजस्वी यादव ने लिखकर दिया है लिहाजा इस मामले में सभी विधायकों में आक्रोश था कि आज फैसला हो जाए।

RJD नेता तेजस्वी यादव ने बताई पूरी बात
साथ ही RJD नेता तेजस्वी यादव ने इस पूरे मामले पर पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "विधानसभा में सबके सीट तय किए गए हैं कि कौन सदन में कहा बैठेगा, फिर ऐसे कैसे कोई भी कहीं पर बैठ सकता है। जब पार्टी ने लिख कर 3 लोगों पर कार्रवाई करने की मांग की है तो कार्रवाई क्यों नहीं हो रही? वो लगातार सदन में बैठ रहे हैं। ये दिखाता है कि सदन नियम से नहीं चल रहा है। सरकार नियम से ऊपर हो गई है। इस चीज को लेकर हमारे विधायकों में बहुत रोष था। सरकार का आंख खोलने के लिए सचेत किया गया है।  तेजस्वी ने आगे कहा कोई कहीं बैठा नहीं, भाई विरेंद्र मुख्यमंत्री की सीट पर गए लेकिन बैठे नहीं। विधायक चाहते थे कि वे बीच में कहीं बैठे। तो हमने कहा कि दल तय करेगा कि कौन कहां बैठेगा? अभी वे   RJD में हैं। RJD के नेता हम हैं हम तय करेंगे कि कौन कहां बैठेगा।"

 

#RJD MLA Bhai Virendra started raising slogans

Source : Agency

पाठको की राय