Friday, October 23rd, 2026

आगामी रबी सीजन में किसानों के लिए हो बिजली की पर्याप्त उपलब्धता

भोपाल
आगामी रबी सीजन में किसानों के लिये बिजली की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करें। इसके लिये जनरेशन कम्पनी के साथ बैठकर कार्य योजना तैयार करें। सभी बिजली प्लांट सतत् रूप से चालू रहें। कोयले की पर्याप्त व्यवस्था कर लें। ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने यह निर्देश मंत्रालय में पॉवर मैनेजमेंट कंपनी के कार्यों की समीक्षा के दौरान दिये।

ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने सोलर प्रोजेक्टस की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी प्रोजेक्ट तय समय सीमा में पूरा करायें। इनकी सतत् मॉनीटरिंग करें। वित्त वर्ष 2024-25 में आगर, शाजापुर, ओंकारेश्वर में सोलर प्रोजेक्ट का कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि विद्युत उत्पादकों के देयकों का भी भुगतान समय पर करें। श्री तोमर ने पॉवर एक्सचेंज, बिजली के शेडयूल प्रक्रिया, बिजली की उपलब्धता एवं कटौती सहित अन्य विषयों की गहन समीक्षा कर जरूरी निर्देश दिये।

अपर मुख्य सचिव ऊर्जा श्री मनु श्रीवास्तव ने बिजली की शेड्यूल प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अगले दिन के लिये बिजली की आवश्यकता का निर्धारण करते समय वितरण कम्पनियों द्वारा विद्युत की मांग तथा उत्पादन कम्पनियों द्वारा घोषित विद्युत की उपलब्धता को दृष्टिगत रखा जाता है। पॉवर एक्सचेंज में बिजली विक्रय दर इस प्रकार रखी जाती हैं कि शेड्यूल की गई बिजली की परिवर्तनशील लागत की वसूली हो सके। बैठक में ऊर्जा विभाग के ओएसडी श्री विजय गौर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

 

 

#Energy Minister Shri Tomar

Source : Agency

पाठको की राय