Tuesday, October 20th, 2026

फसलों में डाली जाने वाली कीटनाशक दवा पीकर आत्महत्या करने के मामलों में बीते कुछ सालों में तेजी से वृद्धि

बुरहानपुर
फसलों में डाली जाने वाली कीटनाशक दवा पीकर आत्महत्या करने के मामलों में बीते कुछ सालों में तेजी से वृद्धि हुई है। हर सप्ताह कीटनाशक पीने के दस से पंद्रह मामले सामने आ रहे हैं। शनिवार को ऐसे तीन मामले सामने आए। इनमें एक 19 साल की युवती और दो युवक शामिल थे। युवती द्वारा ज्यादा मात्रा में कीटनाशक पी लेने के कारण डॉक्टर उसकी जान नहीं बचा पाए।

अस्पताल चौकी पुलिस के अनुसार खकनार क्षेत्र के जामनिया गांव की 19 वर्षीय भूरी पुत्री शेर सिंह को शनिवार सुबह जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गंभीर हालत में लाई गई युवती का डाक्टरों ने उपचार शुरू किया, लेकिन उसने दम तोड़ दिया। युवती ने किस वजह से आत्मघाती कदम उठाया अभी इसका पता नहीं चल पाया है। खकनार पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इसके अलावा कीटनाशक पीने के दो और मामले सामने आए हैं। अस्पताल में भर्ती भोटा गांव निवासी राहुल गुणवतं पाटिल को भी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवक ने बताया कि उसकी पत्नी दो माह पहले झगड़ा करके मायके चली गई थी। कई बार समझाने पर भी वह घर लौटने तैयार नहीं हो रही। मानसिक तलाव के बीच उसने आत्महत्या के इरादे से कीटनाशक पी लिया था।

इसी तरह शाहपुर क्षेत्र के दही हांडी गांव निवासी सुधाकर तुलसीराम कोली ने बेरोजगारी के बीच जमीन का बंटवारा नहीं किए जाने के कारण गुस्से में कीटनाशक पीकर जान देने का प्रयास किया। स्वजन ने बताया कि सुधाकर के पास कोई काम धंधा नहीं है। वह अपनी मां की चार एकड़ जमीन में से दो एकड़ जमीन उसके नाम पर करने के लिए कह रहा था। जिससे खेती कर परिवार का भरण पोषण कर सके। मां ने जमीन देने से मना किया तो उसने कीटनाशक पी लिया। दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।

ट्रेन में सफर के दौरान थमी बुजुर्ग की सांसें
चलती ट्रेन में एक बुजुर्ग यात्री की की सांसे थम गईं। जीआरपी ने उसका शव उतार कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया है। बताया गया है कि मृतक गोरखपुर निवासी राम आसरे अपने बच्चों से मिलने कुशीनगर एक्सप्रेस से मुंबई जा रहा था।
शनिवार सुबह 11 बजे के आसपास ट्रेन बुरहानपुर के पास पहुंची तो वृद्ध का स्वास्थ्य अचानक बिगड़ गया। यात्रियों ने रेल पुलिस को सूचना देकर ट्रेन को बुरहानपुर स्टेशन में रुकवाया गया और मृतक के शव को उतरवाया। बुर्जुग के पास मौजूद मोबाइल फोन द्वारा उसके स्वजन को घटना की सूचना दे दी गई है।

पाला तोड़ते समय पेड़ से गिर कर बालक घायल
नीम के पेड़ पर पाला तोड़ने के लिए चढ़ा एक बालक पैर फिसलने से पंद्रह फीट नीचे गिर गया। जिससे उसकी कमर, हाथ, पैर में चोट आई है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया हैं बताया गया है कि अरशद पुत्र नसीर 10 साल निवासी आजाद नगर बकरियों के लिए पाला तोड़ने शनिवार को पेड़ पर चढ़ा था।

 

#A girl committed suicide by drinking pesticide

Source : Agency

पाठको की राय