Monday, October 26th, 2026

नदी में बाइक समेत बहा युवक पत्नी के साथ अस्पताल से लौट रहा था घर, SDRF ने बाइक को ढूंढ निकाला

भिलाई

शिवनाथ नदी में बहे युवक की तलाश में एसडीआरएफ की टीम सुबह से जुट गई है। सोमवार दोपहर को अस्पताल से घर लौट रहा युवक नदी पार करते समय बाइक सहित बह गया था। घटना के बाद उसकी पत्नी ने शोर मचाया। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। शाम तक एसडीआरएफ की टीम ने कई घंटे तक तलाश की। बाइक तो मिल गई, लेकिन युवक का पता नहीं चला।

कोटनी एनीकेट की घटना, अब तक नहीं चला पता

पुलगांव पुलिस के मुताबिक नगपुरा का रहने वाला युवक सोमवार को अपनी पत्‍नी के साथ जिला अस्‍पताल इलाज के लिए गया था। अस्‍पताल से लौटते वक्‍त नगपुरा के कोटनी एनीकट में जलस्‍तर बढ़ गया। युवक ने स्‍टापडैम को पार करने के लिए पत्‍नी को बाइक से उतार दिया और खुद बाइक लेकर आगे बढ़ गया।

इसी दौरान कोटनी एनीकट में युवक की बाइक फिसल गई। युवक बाइक सहित नदी में जा गिरा। घटना के बाद वहां मौजूद पत्‍नी ने शोर मचाया। आसपास मौजूद युवकों ने उसे बचाने की कोशिश की, पर युवक गहरे पानी में डूब गया। इसके बाद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।

इधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। मौके पर एसडीआरएफ और पुलिसकर्मियों की टीम ने तीन घंटे से अधिक समय तक नदी में रेस्क्यू आपरेशन चलाया, लेकिन बाइक सवार का पता नहीं चला। काफी देर के बाद गोताखोरों ने बाइक को ढूंढ निकाला। गोताखोर लगातार उसकी तलाश कर रहे हैं।

 

 

Source : Agency

पाठको की राय