Tuesday, October 20th, 2026

नुकीले हथियार से मारकर की गई थी युवक की हत्या


भोपाल

पिपलानी थाना क्षेत्र स्थित जंबूरी मैदान में झाड़ियों में मृतक अवस्था में मिले युवक की मौत के मामले में पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस को मिली पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की हत्या होने की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट में बताया गया है कि युवक की कमर के पास किसी नुकीले हथियार से वार किया गया था। जिससे उसकी मौत हुई है। मृतक हत्या की वारदात से करीब एक सप्ताह पहले हाथ की नस काट कर आत्महत्या की कोशिश कर चुका था। फिलहाल पुलिस अज्ञात आरोपी की तलाश कर रही है।  थाना पुलिस के अनुसार प्रमोद उर्फ बाबू ओड़ पिता चेतन सिंह (30) शिव नगर, आनंद नगर में रहता था। उसके माता-पिता मजदूरी करते हैं। कुछ समय से उसके माता-पिता सोनीपथ हरियाणा में मजदूरी कर रहे थे। यहां प्रमोद अपनी बहन के साथ रह रहा था और प्राइवेट काम करता था। गत 29 नवंबर की शाम करीब 4 बजे के आसपास मोहल्ले में रहने वाले कुछ लोगों ने उसकी लाश जंबूरी मैदान के पास झाड़ियों के किनारे देखकर पुलिस को सूचना दी थी।

घटनास्थल पर नहीं मिले खून के धब्बे
पुलिस की दलील है कि घटनास्थल का निरीक्षण करने पर पता चला था कि लाश औंधे मुंह पड़ी हुई थी और नाक से थोड़ा खून निकला था। पीएम रिपोर्ट में कूल्हे के थोड़ी ऊपर कमर के पास नुकीले हथियार से गहरा घांव मिला था। घांव काफी गहरा था और हथियार काफी पतला और नुकीला था। अनुमान है कि बोरे सिलने वाला सूजा या फिर चमड़ा सिलने वाली मोची की सुंई की तरह हथियार हो सकता है। सुई जैसे हथियार का इस्तेमाल होने से ब्लीडिंग मामूली हुई और उसकी मौत हो गई।

 

Source : Agency

पाठको की राय