Friday, October 23rd, 2026

अपनी मौसी से युवक को हो गया प्यार, बवाल के बाद पंचायत का फैसला-जल्‍द होगा दोनों का निकाह

देवरिया
एक युवक को अपनी चचेरी मौसी से प्रेम हो गया। इसकी जानकारी हुई तो परिवार के लोग ऐतराज करने लगे। युवक के घर वालों ने विरोध किया तो गुरुवार को युवती उसके घर आ धमकी। लाख कोशिशों के बाद भी वह टस से मस नही हुई। युवक से निकाह पर अड़ी रही। आखिरकार पंचायत बैठी और पंचों ने निकाह के लिए दोनों परिवारों को राजी करा दिया। जल्दी ही दोनों का निकाह संपन्न होगा।

देवरिया के तरकुलवा थाना क्षेत्र के बाबूपट्टी गांव के रहने वाले एक युवक के चाचा की ससुराल कुशीनगर जिले के पटहेरवा थानाक्षेत्र के एक गांव में है। अपने चाचा की ससुराल आते-जाते भतीजे का उनकी साली से इश्क़ हो गया। दोनों के बीच फोन पर बातें होने लगीं। दोनों के बीच एक-दूसरे से मिलने-जुलने का सिलसिला शुरू हो गया। कुछ ही समय में इसकी भनक उनके घर वालों को लग गई। युवक के परिजनों ने इसका विरोध किया। वे युवक का कहीं और निकाह कराने की तैयारी करने लगे। इसकी भनक जब युवती को हुई तो वह गुरुवार को युवक के घर पहुंच गई।  

युवती, उससे निकाह की जिद्द पर अड़ गई। यह ख़बर गांव में जंगल के आग की तरह फैल गई। युवती की जिद्द को देखते हुए गांव में पंचायत इकट्ठा हुई। पांचों ने पंचायत में पहले मामले को रफा-दफा करने की कोशिश की लेकिन युवती अपने इरादे से टस से मस नही हुई। आखिरकार, पंचायत ने दोनों का निकाह कराने पर सहमति दे दी। इसके बाद मामला शांत हुआ। अब जल्दी ही दोनों के निकाह की रस्में पूरी की जाएंगी। इस सम्‍बन्‍ध में थाना प्रभारी नवीन सिंह ने कहा कि मामला संज्ञान में है। दोनों परिवार शादी के लिए राजी हैं। आधार कार्ड के हिसाब से प्रेमी-प्रेमिका बालिग हैं। 

 

#The young man

Source : Agency

पाठको की राय