Tuesday, October 20th, 2026

चारखेड़ा के पास ट्रेन से गिरा युवक, ट्रेन एक किमी पीछे लौटाकर लोको पायलट ने बचाई जान

हरदा
टिमरनी-हरदा रेलवे स्टेशन के बीच चारखेड़ा रेलवे स्टेशन के पास ताप्ती गंगा एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 19046 से एक युवक गिरकर घायल हो गया। उसको बचाने के लिए ट्रेन करीब एक किलोमीटर वापस चारखेड़ा रेलवे स्टेशन तक रिवर्स पहुंची। घायल युवक को लाकर हरदा रेलवे स्टेशन पर उतारा। इस तरह लोको पायलट की सूझबूझ से युवक की जान बच गई।

प्राप्‍त जानकारी के मुताबिक उत्तरप्रदेश के मिर्जापुर जिले के ग्राम विंध्याचल के रहने बाले दीपक (20 वर्ष) पुत्र अर्जुन मंगलवार को छुटियां बिताकर ताप्ती गंगा एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 19046 से सूरत काम करने वापस जा रहा था। वह बोगी में गेट पर बाहर की ओर पैर लटकाकर बैठा था। बुधवार सुबह 10 बजे के लगभग जब ट्रेन टिमरनी- हरदा रेलवे स्टेशन के बीच से गुजर रही थी, तभी नींद की झपकी आने के कारण उसका संतुलन बिगड़ा और वह चारखेड़ा के पास गिर गया। यह देख बोगी में सवार मुसाफिरों में हड़कंप मच गया1 उन्‍होंने तुरंत टीटीई को इसकी सूचना दी। टीटीई ने लोको पायलट से संपर्क किया। इसके बाद ताप्ती गंगा एक्सप्रेस को एक किलोमीटर रिवर्स ले जाया गया और घायल युवक को उठाकर संजीवनी 108 के ईएमटी विद्यासागर एवं ईएमटी नितिन वर्मा द्वारा तत्काल जिला अस्पताल लाया गया। जहां पर युवक की हालत गंभीर होने के कारण उसे प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर कर दिया।

 

#ट्रेन से गिरा युवक

Source : Agency

पाठको की राय