Saturday, October 24th, 2026

प्रदेश में फिर मौसम लेगा करवट ,16 अप्रैल से होगा नया सिस्टम एक्टिव, राजधानी में 14 अप्रैल तक बादल छाएंगे

भोपाल.
मध्यप्रदेश में इस साल अप्रैल में झुलसाने वाली गर्मी से थोड़ी राहत है। राजगढ़ को छोड़ दें, तो बाकी शहरों में तापमान 40 डिग्री से नीचे ही है। ऐसा मौसम बदलने की वजह से हो रहा है। मौसम वैज्ञानिकों ने अगले कुछ दिन में एक बार फिर से मौसम बदलने की संभावना जताई है। भोपाल में 14 अप्रैल तक बादल छाए रहेंगे, तो बूंदाबांदी भी हो सकती है। वहीं, 16 अप्रैल से फिर नया सिस्टम एक्टिव होगा। जिसका असर प्रदेश में देखने को मिल सकता है।

प्रदेश में पिछले तीन दिन से मौसम बदला रहा। सोमवार को धार में हल्की बूंदाबांदी हुई, जबकि कई शहरों में बादल छाए रहे। 11 और 12 अप्रैल को मौसम साफ रहेगा, लेकिन इसके बाद फिर से बादल छाएंगे।

भोपाल में ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 14 अप्रैल तक भोपाल में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। दोपहर बाद नमी होने से बादल बरस सकते हैं। हालांकि, गर्मी का असर बढ़ा रहेगा। दोपहर में पारा 38 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि रात में तापमान 25 डिग्री तक रह सकता है।

इसलिए ऐसा रहेगा मौसम का मिजाज
मौसम वैज्ञानिक पांडे ने बताया कि 15 अप्रैल तक प्रदेश में कहीं-कहीं हल्के बादल रहेंगे। इस दौरान पारा भी बढ़ेगा। कुछ जगह बूंदाबांदी भी हो सकती है। 16 अप्रैल से फिर से पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होगा। इसका असर प्रदेश में देखने को मिल सकता है।

 

#मौसम लेगा करवट

Source : Agency

पाठको की राय