Saturday, October 24th, 2026

मुंबई में आ चुकी है कोविड की तीसरी लहर-मेयर किशोरी पेडनेकर

मुंबई
मुंबई में कोरोना महामारी फिर से हाथ से बाहर होती जा रही है। ऐसी खबरें हैं कि औसत साप्‍ताहिक मामलों में तकरीबन 19 पर्सेंट की बढ़ोतरी हुई है। कोरोना के बढ़ते मामलों से लोग इसलिए भी परेशान हैं कि मुंबई में 10 सितंबर से शुरू होने वाले गणेश चतुर्थी समारोह की तैयारियां भी चल रही हैं।

मुंबई नगर निगम ने चेताया है कि अगले 15 दिन बहुत अहम साबित होने वाले हैं। डर है कि त्‍योहारों के चलते एक बार फिर से कोराना महामारी मुंबई को अपनी गिरफ्त में ले सकती है।  मुंबई की मेयर किशोरी पेडनेकर ने भी कुछ इसी तरह की चिंता जताते हुए कहा कि कोरोना की तीसरी लहर के बारे में बात करना बेकार है क्‍योंकि तीसरी लहर आ चुकी है।

पहले सप्‍ताह में ही 2500 से ज्‍यादा केस
सोमवार को मुंबई में 379 नए कोरोना मरीज आए और 5 मरीजों की मौत हो गई। इसके साथ ही मुंबई में कोरोना मरीजों की संख्‍या 7,46,725 हो गई और मरने वालों का आंकड़ा 15,998 तक पहुंच गया। सितंबर के पहले छह दिनों में शहर में अब तक 2500 से ज्‍यादा केस आ चुके हें। यह अगस्‍त में दर्ज किए गए मामलों का 28 पर्सेंट हैं।

एक्टिव केसों में तेजी से उछाल
आंकड़ों पर नजर डालें तो पाएंगे कि सोमवार को छोड़कर 1 सितंबर से हर दिन रोजाना 400 से ज्‍यादा कोरोना के मरीज आए हैं। इससे एक दिन पहले कई सप्‍ताह का रेकॉर्ड टूटा जब 496 केस आए। रोज आने वाले मामलों में उछाल के साथ ही एक्टिव केसों की संख्‍या 6 सितंबर को 2700 से बढ़कर 3771 हो गई।

गणेश चतुर्थी की तैयारियों ने बढ़ाई चिंता
गणेश चतुर्थी की तैयारियों के बीच कोरोना के मामलों से इसलिए भी चिंता बढ़ी है क्‍योंक‍ि मुंबई के कई मशहूर बाजारों में पहले से ही लोगों की भीड़ बढ़ने लगी है। अडिशन म्‍यूनिसिपल कमिश्‍नर सुरेश काकनी ने बताया, 'यह महीना हमारे लिए अहम है। इस समय लोग दस दिन के गणपति उत्‍सव को मनाने बाहर निकल रहे हैं। ये लोग प्रतिमा विसर्जन के बाद ही घर में रुकेंगे। इस ल‍िहाज से अगले 15 दिन हमारे लिए बहुत अहम हैं।'

त्‍योहारों के पहले मुंबई पुलिस ने 'स्‍पेशल 13' स्‍क्‍वॉड नाम का अभियान शुरू किया ताकि सुनिश्चित किया जा सके कि इस दौरान लोग कोविड प्रोटोकॉल का पालन करें। पिछले साल भी कोरोना की वजह से गणपति उत्‍सव पर मुंबई में पाबंदियां लगाई गई थीं।

 

#कोविड की तीसरी

Source : Agency

पाठको की राय