Friday, October 23rd, 2026

बिहार में आज से गर्मी का दौर शुरू, मार्च में ही होगा तपिश का एहसास; देखें मौसम का हाल

बिहार
बिहार समेत देश के कई राज्यों में मार्च से ही गर्मी का असर शुरू होने वाला है। इस साल मई महीने तक सामान्य से ज्यादा गर्मी पड़ने की आशंका है। इस दौरान तेज गर्म हवाएं (हीट वेव) भी चल सकती हैं। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार को पूर्वानुमान जारी किया है। इन संभावित हालात के मद्देनजर केंद्र सरकार ने राज्यों को परामर्श जारी कर गर्मी जनित बीमारियों से निपटने के लिए जरूरी तैयारियां करने को कहा है। बिहार में भी पारा लगातार बढ़ता जा रहा है। 33.2 डिग्री सेल्सियस के साथ शेखपुरा सबसे गर्म शहर बन गया है।

मौसम विभाग के मुताबिक मार्च से मई महीने तक उत्तर भारत में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से अधिक रहने की बात कही गई है, जिसका अर्थ है कि रातें भी ज्यादा गर्म होंगी। पटना सहित प्रदेश के अधिकतर जिलों के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में मंगलवार को बढ़ोतरी हुई। शेखपुरा में सर्वाधिक 33.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं पटना के न्यूनतम तापमान में 0.4 डिग्री और अधिकतम तापमान में 1.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। पटना में अधिकतम तापमान 32.9 और न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

 

Source : Agency

पाठको की राय