सौतेली मां ने ही पारिवारिक संपत्ति के लिये कराई थी बेटी की हत्या
पटना
राघोपुर निवासी आंगनबाड़ी सेविका इशरत परवीन की हत्या की साजिश उसकी सौतेली मां ने ही कराई थी। घटना को अंजाम देने के लिये सुपारी किलर से दो लाख रुपये में सौदा हुआ था। पड़ोस के ही दोनों अपराधियों को इसके लिये सुपारी दी गई थी। इसका खुलासा स्वयं सौतेली मां ने की। पूछताछ में सौतेली मां ने हत्या कराने की बात स्वीकारी है। एसएसपी मानवजीत सिंह ढिल्लो ने थाने में सौतेली मां रबिया खातून से पूछताछ की। उसने हत्या में शामिल दोनों अपराधियों के नाम बताये। रबिया खातून ने पुलिस को बताया कि पैतृक संपत्ति बेचने पर उसकी सौतेली बेटी हमेशा विरोध करती थी। इसी वजह से उसने साजिश कर सौतेली बेटी की हत्या करा दी। पुलिस तफ्तीश में यह बात भी सामने आई है कि रबिया खातून का हाई प्रोफाइल लोगों से भी संबंध है।
पति के मरने के बाद रबिया खातून और उसकी सौतेली बेटी इशरत परवीन के बीच रिश्ते ठीक नही थे। इशरत परवीन अपने महरूम पिता की संपत्ति को बचाना चाहती थी। जबकि उसकी सौतेली मां कौड़ी के भाव जमीन को दबंगों के हाथों बेच रही थी। इसी खुन्नस में रबिया खातून ने बेटी का काम तमाम कर दिया। रबिया खातून को गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस हत्या में शामिल दोनों अपराधियों की गिरफ्तारी को छापेमारी कर रही है।

पाठको की राय