Sunday, October 25th, 2026

बार-बार पाइप लाइन फूटने से बिगड़ते हैं हालात, आधे शहर में छाया जलसंकट

भोपाल
कोलार फीटर प्लांट के रॉ वाटर पाइप लाइन में हुए लीकेज के कारण आज सुबह नल नहीं आए। इसके चलते आधे शहर जलसंकट छाया रहा। सुबह से लेकर दोपहर तक सैकड़ों लोग बूंद-बूंद पानी के लिए दर-दर भटकते हुए देखे गए।
    
एक लीकेज के कारण आधे शहर में पानी को लेकर त्राहि-त्राहि मच गई। हालात बिगड़ने के बाद भी लोगों के पास निगम के पानी के टैंकर नहीं पहुंचे। कई लोगों ने महंगे दामों पर पानी के टैंकर खरीदे।
     
लोगों का कहना हैं कि बारिश के सीजन में भी लोगों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। यह निगम के अफसरों के लिए शर्म की बात है। पिछले चार महीने में कभी लीकेज, कभी बिजली के कारण तीन दर्जन से अधिक बार पानी की सप्लाई बाधित हुई। इसके बावजूद निगम के जलकार्य शाखा के अफसर लापरवाह बने हुए हैं। उन्होंने पानी की सप्लाई के लिए अब तक कोई वैकल्पिक इंतजाम नहीं किये। उधर मुख्य अभियंता एआर पवार का कहना हैं कि आज शाम से पानी की सप्लाई सामान्य रूप से होगी।

पाइप लाइन में लीकेज सुधार कार्य आज सुबह तक चला। अभी दिन में पानी की टंकियों को भरा जाएगा। इसके बाद आज शाम को शहर के जिन इलाकों में सप्लाई होती है। उधर सामान्य सप्लाई होगी। इस दौरान कहीं-कहीं कम दबाव से पानी पहुंच सकता है।

बिजली कंपनी द्वारा शहर के कई इलाकों में लाइनों के मेंटेनेंस कार्य के चलते कहीं 3 तो कहीं पर 6 घंटे बिजली कटौती की गई। इसके चलते सैकड़ों लोग उमस ओर गर्मी से घंटो बेहाल हुए। शहर की पॉश अरेरा कॉलोनी और बिट्टन मार्केट में सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक। रामानंद नगर, टीटी हॉस्पिटल के आसपास के इलाकों में सुबह 9 से दोपहर 1 बजे तक। कोलोपुरा, महावीर नगर, नीम रोड, गल्ला मंडी सुबह 9 से शाम 4 बजे तक। विद्या नगर सी व डी सेक्टर सुबह 9.30 से शाम 4.30 तक। आरबीआई कॉलोनी, कमर्शियल टैक्स आॅफिस के आसपास दोपहर 12 से दोपहर 1 बजे तक बिजली गुल रही।

अरेरा कालोनी ई -1 से ई - 5, रेल्वे कालोनी, हबीबगंज, 11 सौ क्वाटर्स, चार इमली, पंचशील नगर, चांदबड़, पीजीबीटी, निशातपुरा, काजी कैंप, पुराना बस स्टैंड, बाल विहार, स्टेशन बजरिया, हबीबगंज रेल्वे स्टेशन, जनता क्वाटर्स, मीरा नगर, नेहरू नगर, वैशाली नगर, कोटरा शासकीय आवास, बघीरा अपार्टमेंट, साउथ टी टी नगर, 228 क्वाटर्स, अंबेडकर नगर, सरस्वती नगर, 25 वीं बटालियन, गीतांजली काम्प्लेक्स, संजय काम्प्लेक्स, शाहपुरा ए, बी व सी सेक्टर, गुलमोहर, त्रिलंगा, ई-7 एक्सटेंशन, लखेरापुरा, मारवाड़ी रोड, भोइपुरा, मंगलवारा, इतवारा, बुधवारा, इस्लामपुरा, खटीकपुरा इत्यादि क्षेत्रों में आज सुबह पानी की सप्लाई नहीं हुई।

 

#जलसंकट

Source : Agency

पाठको की राय