Wednesday, October 21st, 2026

अवैध बालू खनन के खिलाफ छापेमारी करने गए पुलिस पर बालू माफिया ने किया हमला

बांका
बिहार में खनन माफिया की आपराधिक दबंगई एक बार फिर उजागर हुई है। बांका जिले में छापामारी करने गयी छापेमारी टीम पर बालू माफिया ने हमला कर दिया। हमले में डीएसपी और बॉडीगार्ड घायल है। घायल डीएसपी और गार्ड का इलाज कराया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक बाराहाट थाना क्षेत्र के कोलहत्था गांव में सोमवार की अहले सुबह पुलिस टीम अवैध बालू के खिलाफ छापेमारी करने गई थी। इसी दौरान पुलिस टीम पर बालू माफिया ने हमला कर दिया। उन के हमले में बांका एसडीपीओ दिनेश चंद्र श्रीवास्तव घायल हो गये एवं उनके बॉडीगार्ड को भी काफी चोट आई है। दोनों घायलों का इलाज बाराहाट अस्पताल में कराया गया। इधर पुलिस ने एक बालू माफिया प्रीतम यादव को भी गिरफ्तार किया है तथा घटनास्थल से अवैध बालू लदा दो ट्रैक्टर एवं एक बाइक भी जब्त किया गया है। घटना के संबंध में एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कोल्हथा बालू घाट पर अवैध बालू खनन हो रहा है। इसी को लेकर सोमवार की सुबह करीब 5:00 बजे एसडीपीओ के नेतृत्व में पुलिस बालू घाट पर पहुंची।  अवैध बालू लदे एक ट्रैक्टर को जब पुलिस ने रोका तो बालू माफियाओं ने पुलिस पर हमला कर दिया। हमले में एसडीपीओ के सिर पर गंभीर चोटें लगी, जिससे उनका सिर फट गया है। एसडीपीओ के अंगरक्षक को भी चोट लगी है। दोनों को बाराहाट अस्पताल में इलाज कराया गया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने प्रीतम यादव नामक एक माफिया को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस प्रीतम यादव से पूछताछ कर रही है। उसके साथ काम करने वाले अन्य लोगों की जानकारी ली जा रही है। एसडीपीओ दिनेश चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस अवैध बालू के खिलाफ लगातार छापेमारी कर रही है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

 

 

#The sand

Source : Agency

पाठको की राय