Monday, October 19th, 2026

गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ में मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण : डॉ. चरणदास महंत

सक्ती
छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने सक्ती नगर पालिका क्षेत्र में प्रेस क्लब भवन का लोकार्पण किया। डॉ. महंत ने नए भवन के लोकार्पण पर उपस्थित  मीडिया प्रतिनिधियों को बधाई और शुभकामनाएं दी। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रजातंत्र में पत्रकारिता चौथे स्तंभ के रूप में मजबूती के साथ अपना कार्य कर रहा है। गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ में मीडिया की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि नवगठित जिला सक्ती को गरिमा के अनुकूल स्थापित करने में भी मीडिया के साथियों का सहयोग मिल रहा है।

चंद्रपुर विधायक राम कुमार यादव ने कहा कि निर्भीक पत्रकारिता का सभी सम्मान करते हैं। समाज के अंतिम छोर के व्यक्ती की समस्या को भी प्राथमिकता के साथ सामने लाने में मीडिया महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रही है। जिसके कारण ही लोगों का विश्वास मीडिया के प्रति बना हुआ है। रायपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष दामू अंबाडरे ने भी प्रेस क्लब भवन के लोकार्पण पर शुभकामनाएं दी तथा मीडिया से संबंधित समस्याओं और चुनौतियों से अवगत कराया।

पत्रकार निरंजन यादव ने स्वागत भाषण और सक्ती प्रेस क्लब अध्यक्ष राजेश शर्मा ने आभार व्यक्त किया। वरिष्ठ पत्रकार संस्कार द्विवेदी ने मंच संचालन का दायित्व निभाया। इस अवसर पर दिनेश शर्मा, राघवेंद्र कुमार सिंह, रवि पांडे, श्याम सुंदर अग्रवाल, श्रीमती विद्या सिदार, गुलजार सिंह, दादू जायसवाल, श्याम सुंदर अग्रवाल, हरीश परसाई, सहित बड़ी संख्या में नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

 

#Dr. Charandas Mahant

Source : Agency

पाठको की राय