Tuesday, October 20th, 2026

बस्तर को रायपुर रेलमार्ग से जोडने की परियोजना मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी : किरण देव

जगदलपुर

विधान सभा जगदलपुर के नवनिर्वाचित विधायक किरण देव ने कहा कि बस्तर को रायपुर रेलमार्ग से जोडने की परियोजना मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता में रहेगी। प्रदेश की कांग्रेस सरकार रेल परियोजना को लेकर अपनी जिम्मेदारी से भागती रही। आवश्यक पूरी जमीन उपलब्ध नहीं कराई गई, न ही वन व पर्यावरण की स्वीकृति के लिए प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा। कांग्रेस सरकार की उदासीनता के कारण यह देरी हुई है। केंद्र में भाजपा की सरकार और छत्तीसगढ़ में सरकार बनने जा रही है। दोनों सरकारें मिलकर इस परियोजना को पूरा करेंगी, मैं इस मामले को लेकर सजग रहूंगा।

विधायक किरण देव ने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने केवल वादाखिलाफी की, विकास को ठप कर दिया। केंद्र सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचने में बाधाएं खड़ी की। प्रधानमंत्री आवास योजना इसका बड़ा उदाहरण है। कानून व व्यवस्था की स्थिति खराब करके रख दी गई थी। भ्रष्टाचार ने जनता को त्रस्त करके रख दिया था, इन सबसे विरोध में जनता खड़ी हो गई। भाजपा ने मुखर होकर कांग्रेस सरकार की गलत नीतियों और कामों का विरोध किया। इसमें सभी वर्ग ने भाजपा का साथ दिया। विशेषकर युवाओं और हमारी माताओं-बहनों ने कांग्रेस को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाने में देरी नहीं की।

 

Source : Agency

पाठको की राय