Sunday, October 25th, 2026

पन्द्रहवें वित्त योजना का पेमेंट नही होने से सरपंचो की बढ़ी मुश्किले

खैरागढ़
जनपद पंचायत खैरागढ़ के अंतर्गत आने वाले 114 ग्राम पंचायतों में लगभग चार माह से पन्द्रहवें वित्त योजना के अंतर्गत टाइड एवं अनटाइड फंड से कराए गए कार्यो के सम्बन्धित मटेरियल सप्लायर सहित दुकानदार को आॅनलाइन पेमेंट नही होने से सरपंचो की स्थिति दयनीय हो गई है। साथ ही दुकानदार सरपंचो से ब्याज सहित राशि देने के लिए दबाव बना रहे हैं।

बता दें कि खैरागढ़ जनपद पंचायत के अंतर्गत सरपंचो ने पन्द्रहवें वित्त योजना के ग्राम पंचायत स्तर, जनपद पंचायत स्तर सहित जिला पंचायत के अंतर्गत विभिन्न कार्य सम्पादित किये हैं। जिसके मूल्यांकन सत्यापन महीने भर से अधिक समय हो जाने के बाद भी पेमेंट नही होने से सरपंचो की बदहाल स्थिति हो गई है। गौरतलब है कि सरकार ने पूरी पारदर्शिता रखने के उद्देश्य से ग्राम पंचायतों के कोई भी कार्यो को सरपंच-सचिव मिलकर शासन को चुना न लगा सके इस उद्देश्य से पिछले 3 वर्षों से आॅनलाइन पद्धति से सम्बन्धित दुकानदार को कार्य या सामान के एवज में राशि का भुगतान जनपद पंचायत से सरपंच-सचिव के डिजिटल सिग्नेचर से आॅनलाइन किया जाता है। सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार खैरागढ़ जनपद पंचायत के पन्द्रहवें वित्त योजना का पेमेंट छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक से किया जाता है लेकिन जब से बैंक के आईएफएससी कोड चेंज हुआ है तब से आॅनलाइन पेमेंट नही होने से सरपंचो को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वही दूसरी ओर ग्रामीण बैंक प्रबंधन के सुस्त रवैये के चलते आॅनलाइन पेमेंट मोड में आ रही दिक्कतों को अभी तक सुधारा नही जा सका है जिसके चलते भुगतान प्रक्रिया पर रोक लगा है।

वर्जन
पन्द्रहवें वित्त योजना के तहत ग्रामीण बैंक से पेमेंट किया जाता है लेकिन बैंक प्रबंधन के द्वारा टेक्निकल प्राब्लम को सुधारने में देरी किया जा रहा है, जैसे ही बैंक के द्वारा टेक्निकल प्राब्लम को ठीक किया जाएगा उसके बाद ग्राम पंचायतों का सम्बन्धित वेंडरों को भुगतान प्रारम्भ हो जाएगा।
तरुण कुमार देशमुख सीईओ जनपद पंचायत खैरागढ़

 

#financial plan

Source : Agency

पाठको की राय