Saturday, October 24th, 2026

अशोक दोहरे के रिटायर होने के बाद पद हुआ खाली, तीन अफसर प्रबल दावेदार

भोपाल
होमगार्ड के मुखिया बनने के लिए तीन आईपीएस अफसरों को प्रबल दावेदार माना जा रहा है। डीजी होमगार्ड अशोक दोहरे मंगलवार को रिटायर हो गए, उनकी जगह पर किसी अन्य अफसर को डीजी होमगार्ड बनाया जाना है। इस संबंध में जल्द ही आदेश जारी हो सकते हैं।

दोहरे वर्ष 1985 बैच के अफसर थे, इस वक्त पदस्थ अफसरों में वे वरिष्ठता क्रम में दूसरे नंबर पर थे। अब ऐसा माना जा रहा है कि इस पद पर वर्ष 1987 बैच के अफसर को बैठाया जा सकता है। दरअसल वर्ष 1986 बैच के एक मात्र अफसर निलंबित चल रहे हैं। ऐसे में उनके बाद के बैच के किसी अफसर को होमगार्ड की जिम्मेदारी दी जा सकती है।

1987 के पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन के चेयरमैन एवं डीजी विजय यादव अक्टूबर में रिटायर होने वाले हैं। इसी बैच के पवन जैन खेल संचालक के पद पर पदस्थ हैं। इस बैच के ये दो अफसर पुलिस मुख्यालय की सेवा से बाहर हैं, जबकि इन दोनों अफसरों के बैच की अरुणा मोहन राव, शैलेष सिंह और राजेंद्र कुमार मिश्रा पुलिस मुख्यालय के अंतर्गत ही अपनी सेवाएं दे रहे हैं। ऐसे में यह माना जा रहा है कि डीजी होमगार्ड के पद पर वर्ष 1987 बैच की अरुणा मोहन राव और राजेंद्र कुमार मिश्रा के नाम पर विचार किया जा सकता है। इन दो अफसरों के अलावा वर्ष 1988 बैच के एक अफसर को भी इस पद के लिए प्रबल दावेदार माना जा रहा है।

 

#Ashok Dohra

Source : Agency

पाठको की राय