Thursday, October 22nd, 2026

गरीबों को अगस्त तक मुफ्त राशन के साथ भत्ता भी मिलेगा : योगी आदित्यनाथ

 मिर्ज़ापुर 
 कोविड संकट से जूझ रहे गरीबों को उत्तर प्रदेश सरकार अगस्त तक मुफ्त अनाज के साथ ही भत्ता भी देगी। भत्ते की राशि अगले माह गरीबों को मिल जाएगी। मंगलवार को मिर्जापुर पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ ने पत्रकारों से बातचीत में ये बातें कहीं।। इससे पहले सीएम ने मंडलीय अस्पताल में आक्सीन प्लांट का उद्घाटन किया। मिर्जापुर में जनप्रतिनिधियों और अफसरों के साथ समीक्षा बैठक करने के बाद आयोजित प्रेसवार्ता में मुख्यमंत्री ने कहा कि जून तक प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत गरीबों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है। इसके बाद जुलाई और अगस्त माह में प्रदेश सरकार की ओर से गरीबों को मुफ्त राशन और भत्ता दिया जाएगा। इसके तहत रेहड़ी, पटरी वाले, नाई, मोची लुहार समेत अन्य गरीबों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि कोविड की संभावित तीसरी लहर से निपटने के लिए वैक्सीनेशन, जांच और अस्पतालों में बेड की संख्या बढ़ाई जाएगी। साथ ही कॉमन सर्विस सेंटर से जल्द ही वैक्सीनेशन को जोड़ा जाएगा, जिससे लोगों को टीकाकरण कराने में सुविधा हो।

सीएम योगी ने कहा कि हमने पूर्ण लॉकडाउन नहीं लगाया है बल्कि कोरोना कर्फ्यू लगाया है। इसमें उद्योग धंधे संचालित हैं, मंडियां खुल रही हैं। खेती किसानी का कार्य भी चल रहा है। किसी को दिक्कत नहीं होने दी जा रही है। लेकिन कोरोना को मात देने के लिए सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क जरूरी है। उन्होंने लोगों से वैक्सीन लगवाने की अपील करते हुए कहा कि जब जिस सेंटर पर बुलाया जाए, वहां जा कर वैक्सीन लगवा लें। कोरोना की लड़ाई में वैक्सीन हमारा सुरक्षा कवच है।

 

#योगी आदित्यनाथ

Source : Agency

पाठको की राय