Monday, October 19th, 2026

पुलिस ने किया चालान, बाइक सवार ने पूछा- किस बात का, इस पर टूट पड़ा ASI

ग्वालियर
ग्वालियर में ट्रैफिक पुलिस के ASI ने बाइक सवार को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा. उसका कुसूर केवल इतना था कि उसने चालान काटने की वजह पूछ ली. इसके बाद वहां लोगों की भीड़ लग गई. लोगों ने पूरे वाकये का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. ये वीडियो वायरल होता हुआ एसपी तक भी पहुंच गया. उन्होंने तत्काल ट्रैफिक ASI उत्तम सिंह राजोरिया को सस्पेंड कर दिया. घटन आकाशवाणी तिराहे की है.

सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि पुलिसकर्मी युवक के पेट में घूंसे मार रहा है. युवक बचने की कोशिश करता है तो पुलिसकर्मी दौड़ता हुआ उसके पीछे जाता है और फिर पीटता है. वीडियो में युवक कह रहा है- ‘आप किस बात का चालान बना रहे हो. मेरे साइन कराने से पहले मुझे बताओ कि चालान किस बात का बनाया.’ बस इसी बात को लेकर पुलिसकर्मी बाइक सवार युवक पर टूट पड़ता है. एसपी ने इस वीडियो की जांच करने के निर्देश ट्रैफिक अधिकारियों को दिए.

ट्रैफिक अधिकारियों ने मामले की जांच की. ड्यूटी पर तैनात अन्य पुलिसकर्मियों से पूछताछ के बाद यह खुलासा हुआ कि गुरुवार को ASI उत्तम सिंह राजोरिया आकाशवाणी तिराहा पर चेकिंग कर रहे थे. इसी दौरान वहां से बाइक पर जा रहे दो युवक रेड सिग्नल होने पर रुक गए. ASI राजोरिया ने दोनों को रोककर उनकी बाइक की चाबी ले ली और चालान बनाने की बात कही. उन्होंने चालान बनाने के बाद बाइक सवार से साइन करने को कहा.  जब युवक ने चालान बनाने की वजह पूछी वे उखड़ गए. आपको बता दें कि उत्तम सिंह राजोरिया विवादों के चलते पहले भी सुर्खियों में रहे हैं. 2 साल पहले भी शिंदे की छावनी इलाके में उन्होंने बाइक सवार के साथ मारपीट की थी. उस दौरान भी इनका वीडियो वायरल होने के बाद इन्हें लाइन अटैच कर दिया गया था.

 

#police

Source : Agency

पाठको की राय