Tuesday, October 20th, 2026

सपा नेताओं के हो रहे फोन टैप, शाम को खुद रिकॉर्डिंग सुनते हैं योगी; अखिलेश का आरोप

लखनऊ
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव शुरू होने में अब करीब दो महीने का वक्त शेष है। ऐसे में तमाम पार्टियों ने अपनी जोर आजमाइश तेज कर दी है। रविवार को समाजवादी पार्टी के प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि योगी आदित्यनाथ सरकार उनकी पार्टी के नेताओं के फोन टैप करवा रही है और मुख्यमंत्री खुद शाम के वक्त इन रिकॉर्डिंग्स को सुनते हैं।

यूपी में भाजपा सरकार के खिलाफ अखिलेश यादव का आरोप तब आया है जब आयकर विभाग ने मऊ में सपा के राष्ट्रीय सचिव राजीव राय सहित उनके कुछ करीबी सहयोगियों के आवास पर छापेमारी की। लखनऊ में रविवार के दिन अखिलेश यादव ने सीएम योगी आदित्यनाथ पर गंभीर आरोप लगाए। अखिलेश यादव ने कहा, "मैं आपको बताना चाहता हूं कि हमारे सभी फोन सुने जा रहे हैं। एसपी कार्यालय और हमारे साथ जुड़े लोगों के फोन सुने जा रहे हैं।" उन्होंने मीडिया को आगाह भी किया, "यदि आपका हमारे साथ संबंध है, तो जान लें कि आपकी कॉल रिकॉर्डिंग भी वहां है।"

फोन टैपिंग में प्रशासनिक अधिकारियों का कथित रूप से इस्तेमाल के सवाल पर यादव ने कहा कि उनमें से कुछ ऐसा इसलिए कर रहे हैं क्योंकि वे असहाय हैं और कुछ सरकार के 'आखिरी दिनों' में भी सरकार को खुश करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि टैपिंग और छापेमारी कोई नई घटना नहीं है। उन्होंने कहा, "जहां भी चुनाव होते हैं, भाजपा इस तरह के कदम उठाती है।"

 

#akhilesh

Source : Agency

पाठको की राय