Saturday, October 24th, 2026

इकलौते बेटे ने की बुजुर्ग मां-बाप की हत्या, कोर्ट ने आरोपी को एक दिन की पुलिस रिमांड में भेजा

फरीदाबाद
फरीदाबाद के खेड़ी पुल थाना पुलिस ने शनिवार को नहरपार इलाके के हनुमान नगर में माता-पिता की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने संपत्ति पाने के लालच में माता-पिता की हत्या करना कबूल किया है। पुलिस ने आरोपी को ड्यूटी मजिस्ट्रेट सुमित तुरकिया की अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर ले लिया है। पुलिस टीम ने आरोपी जितेंद्र उर्फ जीतू उर्फ हेतेंद्र को बल्लभगढ़ में छापेमारी कर गिरफ्तार किया है। आरोपी ने खून से सने हुए कपड़े आगरा में छुपा दिए हैं। पुलिस आरोपी को लेकर आगरा जाएगी। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने माता-पिता से अक्सर रुपये मांगता रहता था, लेकिन वे रुपये देने में आना-कानी करते थे।

गुरुवार रात करीब 1:00 बजे वह अपने घर पहुंचा था जहां रुपयों को लेकर उसका अपने पिता से विवाद हो गया था। इस दौरान उसने कैंची घोंपकर अपने पिता वीर सिंह (68 वर्ष) की हत्या कर दी थी। इसके बाद वह पिता की तबीयत खराब होने का बहाना कर अपनी मां चंपा (65 वर्ष) को उनके कमरे से पिता के कमरे में लाया। यहां लाकर मां को भी कैंची से मारकर मौत के घाट उतार दिया।  इस मामले के जांच अधिकारी सब-इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने बताया कि आरोपी की तीन बहनों की शादी हो चुकी है। आरोपी ऑटो चलाता है वह अक्सर नशा कर पिता से झगड़ा करता रहता था।

 

#The only

Source : Agency

पाठको की राय