Saturday, October 24th, 2026

नगर निगम ने बैरागढ़ में विभिन्न स्थानों पर दुकानों एवं शॉपिंग कॉम्पलेक्स का निर्माण तो कर लिया, लेकिन पार्किंग नहीं

भोपाल
नगर निगम ने संत हिरदाराम नगर (बैरागढ़) में विभिन्न स्थानों पर दुकानों एवं शॉपिंग कॉम्पलेक्स का निर्माण तो कर लिया है, लेकिन इनकी देखरेख नहीं की जा रही है। इसी का नतीजा है कि बैरागढ़ में जोन कार्यालय सह शॉपिंग कॉम्पलेक्स रखरखाव के अभाव में दम तोड़ रहा है। यहां पार्किंग की जगह नहीं है।

राजस्व कमाया, रखरखाव पर ध्यान नहीं
अपनी आय बढ़ाने के लिए नगर निगम ने जोन एरिया में कई दुकानों का निर्माण कराया है, इससे निगम को राजस्व के रूप में काफी धन राशि मिल रही है। लेकिन जहां बरसों पहले दुकानों का निर्माण हो चुका है, उनका समुचित रखरखाव नहीं किया जा रहा है। नेहरू पार्क परिसर स्थित नगर निगम कॉम्पलेक्स का बड़ा हिस्सा जर्जर हो गया है। रखरखाव नहीं होने के कारण ही यहां कई दुकानें खाली पड़ी हैं। पार्किंग की जगह नहीं होने के कारण कॉम्पलेक्स बनने के 32 साल बाद भी करीब एक दर्जन दुकानों की नीलामी नहीं हो पा रही है।

सब्जी मंडी की दुकानें बंद होने लगीं
संत कंवरराम सब्जी मंडी को ध्वस्त कर नगर निगम ने यहां शॉपिंग काम्पलेक्स एवं मल्टी पार्किंग का निर्माण कर दिया। इसके निर्माण से निगम को 16 करोड़ रुपये की आय हुई। सब्जी व्यापारियों को उम्मीद थी कि उनकी बसाहट के बाद नगर निगम दुकानों और पूरे इलाके की देखरेख करेगा, लेकिन निगम ने व्यापारियों को बेसुध छोड़ दिया। सब्जी मंडी में 30 दुकाने हैं। रखरखाव नहीं होने से दुकानें बंद हो रही हैं।
नगर निगम ने मंडी में भी पार्किंग की जगह विकसित नहीं की। मंडी का मार्ग वनवे करने के प्रस्ताव पर अमल नहीं हुआ। इस कारण मंडी सुनसान होती जा रही है। सब्जी मंडी व्यापारी संघ कई बार मंडी को विकसित करने की मांग कर चुका है। महापौर परिषद के सदस्य राजेश हिंगोरानी का कहना है कि मंडी के विकास के प्रयास किए जा रहे हैं।

 

#shopping complex

Source : Agency

पाठको की राय