Saturday, October 24th, 2026

LAC के पास फिर बढ़ी हलचल, सेना का दावा- अरुणाचल सीमा पर चीन ने बसाए गांव

 नई दिल्ली
 
चीन की एलएसी के पास एक बार फिर हलचल बढ़ गई है। भारतीय सेना ने सोमवार को कहा कि अरुणाचल प्रदेश से लगती अंतरराष्ट्रीय सीमा पर चीन बुनियादी ढांचों का निर्माण कर रहा है। उसने गांव भी बसा लिए हैं। भारतीय थलसेना भी उच्च स्तर की तैयारियों के साथ पूरी तरह तैयार है। सेना का कहना है कि चीन की गतिविधियों पर गंभीरता से नजर रखी जा रही है।

भारतीय थलसेना के पूर्वी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल आर पी कलिता ने कहा कि चीन की ‘पीपुल्स लिबरेशन आर्मी’ (पीएलए) अरुणाचल प्रदेश के पास लगती अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अपनी क्षमता में इजाफा करने के लिए बुनियादी ढांचों को मजबूत कर रही है। चीन की इन तैयारियों को देखते हुए भारत भी हर प्रकार के संभावित खतरे से निपटने के लिए बुनियादी ढांचों को लगातार उन्नत बना रहा है।

जनरल कलिता ने पत्रकारों से कहा कि तिब्बत क्षेत्र में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) के उस पार चीन तेजी से काम कर रहा है। चीन ने यहां सड़क, रेल और हवाई संपर्कों के साधनों को विकसित किया है। उसने एलएसी के पास सीमावर्ती गांव विकसित किए हैं, ताकि उनका इस्तेमाल अपने लक्ष्यों को पूरा करने में किया जा सके। उन्होंने इस बात से इनकार किया कि चीन के साथ लगती सीमा पर कोई घुसपैठ हो रही है।

 

 

#LAC

Source : Agency

पाठको की राय