नगर निगम की सामान्य सभा की बैठक अक्टूबर के अंत में
रायपुर। रायपुर नगर निगम की सामान्य सभा की बैठक अक्टूबर महीने के अंत में कराने की तैयारी चल रही है। दरअसल पिछले दिनों भाजपा पार्षद दल ने वार्डों में व्याप्त समस्याओं पर चर्चा को लेकर सभापति प्रमोद दुबे से सामान्य सभा की बैठक आयोजित करने की मांग की थी। विपक्ष का आरोप था कि पूर्व की सामान्य सभा में भी सभी वार्डों की समस्याओं को लेकर अलग से चर्चा कराने समय मांगा गया था लेकिन आज तक वह समय नहीं मिल पाया।
सामान्य सभा की बैठक बुलाने से महापौर बच रहे है। विपक्ष की मांग को ध्यान में रखकर सत्तापक्ष ने सामान्य सभा आयोजित करने के संकेत दिए है। इसे लेकर निगम के अधिकारियों को महीने के अंत में सामान्य सभा की बैठक करने तैयारी के निर्देश दिए है।
नगर निगम की नेता प्रतिपक्ष मीनल चौबे रायपुर के 70 वार्डों में विकास की हालत काफी दयनीय बताते हुए पूर्व की सामान्य सभा में भी भाजपा पार्षद दल की ओर से सभी वार्डों की समस्याओं को लेकर अलग से चर्चा करने का समय महापौर और सभापति से मांगा था,परंतु यह समय आज तक वह नहीं मिल पाया।
इस पर पिछले दिनों मीनल चौबे ने महापौर एजाज ढेबर पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया था कि एक तरफ महापौर शहर में विकास की गंगा बहाने के दावे करते हैं, परंतु पार्षद दल जब उनसे समस्याओं पर चर्चा करना चाहते है तो सामान्य सभा के आयोजन में रुचि नहीं दिखाते है। चंद घंटे की बारिश में पूरे शहर ने देखा है कि किस तरह से शहर जलमग्न होकर तालाब बन जाते थे, जबकि इससे पहले महापौर नाली और नाले चौड़ीकरण के बड़े-बड़े दावे करते रहे।
भाजपा पार्षद दल का आरोप है कि शहर के चौक-चौराहों का सुंदरीकरण को ही महापौर शायद शहर का विकास समझते हैं। यह साफ बताता है कि वे जिम्मेदारी से मुंह चुराना चाहते हैं। इसीलिए भाजपा पार्षद दल ने अपने संवैधानिक अधिकार के तहत सामान्य सभा बुलाकर वहां अपनी बात रखने सभापति प्रमोद दुबे से अनुरोध किया था। सभापति ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही सामान्य सभा की तिथि घोषित की जाएगी।

पाठको की राय