Wednesday, October 21st, 2026

मसाले चुराने वाला 24 घंटे में पकड़ा गोली मारने वाले पांच दिन से फरार

हल्द्वानी
ठेली से मिर्च मसाला व गजक चोरी करने के आरोपी को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर दबोच लिया। मगर गन्ना सेंटर में गोली मारकर युवक को घायल करने वाला आरोपी पुलिस की गिरफ्त में पांच दिन बाद भी नहीं आया है। अब  सवाल उठ रहे हैं कि पुलिस गोली कांड के एक आरोपी को नहीं पकड़ पा रही है। जबकि छोटी-मोटी चोरी के आरोपी को पकड़ कर पुलिस वाहवाही लूट रही है। पांच दिन पूर्व गन्ना सेंटर में वेटर केशव को अज्ञात लोगों ने गोली मार दी। गनीमत रही कि गोली केशव के बाये हाथ में लगी। जिससे उसकी जान बच गई। पुलिस ने टीपी नगर, गन्ना सेंटर सहित आसपास की खाक छानने के साथ क्षेत्र के वारंटियों से भी पूछताछ कर ली। मगर ठोस सबूत तो दूर एक छोटा सा सुराग भी पुलिस के हाथ नहीं लगा है। पुलिस के हाथ अब तक आरोपी तक नहीं पहुंच पाए। जबकि पुलिस आए दिन छोटे-मोटे चोरी के आरोपी को पकड़ वाह-वाही लूटने का काम कर रही है। रविवार देर रात सदर बाजार से एक ठेली से चोर ने मिर्च मसाला और गजक चोरी कर लिए। पुलिस ने  महज 24 घंटे के भीतर ही चोर को चोरी के माल के साथ गिरफ्तार भी कर लिया है। अब सवाल उठ रहे हैं कि पुलिस गोली कांड जैसे अपराध के अपराधी को नहीं खोज पाई है। जबकि चुनाव का समय नजदीक है।

वनभूलपुरा में घर के बाहर से टेम्पो चोरी
वनभूलपुरा थाना क्षेत्र में चोरों ने घर के बाहर खड़े टेम्पो पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस को सौंपी तहरीर में पप्पू का बगीचा, इंदिरानगर के मो. उवैद उर्फ राजा ने बताया टेम्पो 21 नवम्बर की रात घर के बाहर खड़ा किया था। सोमवार सुबह जब बाहर देखा तो टेम्पो गायब था। उसने टेम्पो की आस-पास तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। तब उसने पुलिस को शिकायत सौंपी। तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

 

 

#The man

Source : Agency

पाठको की राय