Saturday, October 24th, 2026

बिहार की चार सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए महागठबंधन ने अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी

पटना
बिहार की चार सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए महागठबंधन ने अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सिंह ने आज प्रेस वार्ता के दौरान उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की। महागठबंधन में तीन सीटों पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के उम्मीदवार और एक सीट पर सीपीआईएमएल के उम्मीदवार को मौका दिया गया है। हालांकि, कांग्रेस को इस उपचुनाव में कोई सीट नहीं मिली है, जिससे कांग्रेस समर्थकों में हलचल पैदा हो गई है।

तरारी से राजू यादव को बनाया गया उम्मीदवार
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सिंह ने बताया कि महागठबंधन की ओर से इमामगंज से रोशन कुमार मांझी उर्फ राजेश मांझी, बेलागंज से विश्वनाथ कुमार सिंह, रामगढ़ से अजीत कुमार सिंह, और तरारी से राजू यादव को उम्मीदवार बनाया गया है। इनमें से तीन सीटें राजद को मिली हैं, जबकि तरारी की सीट सीपीआईएमएल के खाते में गई है। वहीं, राजद प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने इस फैसले को लेकर कहा कि यह गठबंधन का सामूहिक निर्णय है और सभी दल इसके प्रति सहमत हैं। अखिलेश सिंह ने भी उम्मीदवारों के नाम की घोषणा करते हुए कहा कि महागठबंधन के चारों उम्मीदवारों पर सहमति बन चुकी है।

इससे पहले, एनडीए की ओर से भाजपा ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा की थी। तरारी से विकास प्रशांत और रामगढ़ से अशोक कुमार सिंह को भाजपा ने मैदान में उतारा है। अब सभी की निगाहें इन उपचुनावों पर हैं, जहां महागठबंधन और एनडीए के बीच कड़ी टक्कर होने की संभावना है।

 

#Mahagathbandhan announced candidates for Bihar by-election

Source : Agency

पाठको की राय