Thursday, October 22nd, 2026

गोरखपुर की मस्जिदों में लगे लाउडस्पीकर की आवाज भी हो गई धीमी, CM योगी के ट्वीट के बाद खुद उठाया कदम

 गोरखपुर
 

सीएम गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ के ट्वीट के बाद गुरुवार को नाथ संप्रदाय की सिद्ध पीठ श्रीगोरखनाथ मंदिर परिसर, श्री मानसरोवर मंदिर परिसर एवं श्री मंगला देवी मंदिर परिसर के लाउडस्पीकर की आवाज भी धीमी कर दी गई है। वहीं, शुक्रवार को पुराना गोरखपुर स्थित जामा मस्जिद, मस्जिद बेलाल मैदान वाली पुराना गोरखपुर एवं घंटाघर स्थित जामा मस्जिद समेत कई अन्य मस्जिदों में लगे लाउडस्पीकर की आवाज धीमी कर दी गई। गुरुवार को सीएम योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर कहा था कि कोई भी शोभायात्रा एवं धार्मिक जुलूस बिना प्रशासनिक अनुमति के न निकाले जाएं। इस संबंध में आयोजकों से पूर्व में ही शांति व सौहार्द बनाए रखने के लिए शपथ-पत्र लिया जाए। प्रत्येक स्तर पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जवाबदेही तय की जाए। इस ट्वीट के बाद गोरखनाथ मंदिर प्रबंधन ने तत्काल कदम उठाए।  खबर का संज्ञान लेते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्णय का स्वागत एवं समर्थन करते हुए मस्जिदों के मुतवल्लियों ने लाउडस्पीकर की आवाज धीमी कर दी। पुराना गोरखपुर जामा मस्जिद गोरखनाथ मस्जिद के मुतवल्ली एवं सचिव निहाल अहमद ने बताया कि आठ लाउड स्पीकर लगे हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्णय का स्वागत करते हुए शुक्रवार की सुबह उनकी आवाज काफी धीमी कर दी गई।
 
उधर उत्तर प्रदेश उर्दू अकादमी के चेयरमैन चौधरी कैफुलवरा के घर के निकट स्थित बेलाल मस्जिद के जिम्मेदार चौधरी खैरुलवरा कहते हैं कि मस्जिद पर लगे चार लाउडस्पीकरों की आवाज शुक्रवार को कम कर दी गई। इसी तरह घंटाघर स्थित जामा मस्जिद के लाउडस्पीकर की आवाज भी कम ली गई है। चौधरी कैफुलवरा कहते है कि सभी स्वफूर्त ढंग से यह कदम उठा रहे हैं।

 

 

#लाउडस्पीकर की आवाज

Source : Agency

पाठको की राय