Wednesday, October 21st, 2026

राज्य निर्वाचन आयोग की चिट्ठी ने बढ़ाई सरकार की परेशानी, प्रमुख सचिव ने आयोग को लिखा पत्र

भोपाल
पंचायत चुनाव की तैयारियों में जुटे राज्य निर्वाचन आयोग के पत्र ने राज्य सरकार की परेशानी बढ़ा दी है। यह दिक्कत प्रदेश में पदस्थ तहसीलदारों की तीन साल की पदस्थापना और उनके तबादले संबंधित आयोग द्वारा तलब की गई जानकरी को लेकर सामने आई है। इन हालातों को देखते हुए राजस्व विभाग के प्रमुख सचिव ने राज्य निर्वाचन आयोग को पत्र लिखकर फैसले पर पुनर्विचार करने को कहा है।

प्रमुख सचिव मनीष रस्तोगी द्वारा लिखे गए पत्र में कहा गया है कि आयोग द्वारा जिलों में पदस्थ तहसीलदार और नायब तहसीलदार की तीन वर्ष से अधिक अवधि में जिले में पदस्थापना और उनके स्थानांतरण को लेकर निर्देश 26 अक्टूबर को लिखे गए पत्र में दिए गए हैं। अगर इस निर्देश पर अमल किया जाता है तो बड़ी संख्या में तहसीलदार और नायब तहसीलदार प्रभावित होंगे। इस आदेश पर अमल से इस संवर्ग के लगभग 40 प्रतिशत (320 से अधिक) अधिकारी प्रभावित होंगे। अत्यधिक स्थानांतरण होने की दशा में जिलों में स्थानीय प्रशासन में भी अव्यवस्था होगी। प्रमुख सचिव ने इस मामले में आयोग से पुनर्विचार करने के लिए कहा है।

उधर पुलिस विभाग के निरीक्षक, एसडीओपी, डीएसपी स्तर के अफसरों के तबादले को लेकर कोई दिक्कत नहीं है। पुलिस मुख्यालय और गृह विभाग के आदेश के आधार पर तीन साल से एक स्थान में जमे निरीक्षक, उपनिरीक्षक, एसडीओपी, डीएसपी स्तर के अधिकारियों के तबादले जिले के भीतर ही पुलिस अधीक्षकों द्वारा किए जा रहे हैं। राजस्व अधिकारी संघ भी इसी व्यवस्था की मांग पिछले पंचायत चुनावों की तर्ज पर राज्य निर्वाचन आयोग से कर चुका है।

 

 

#Election Commission

Source : Agency

पाठको की राय