आज रात से दिखेगा यूपी के इन जिलों में ‘यास’ का असर
वाराणसी
चक्रवाती तूफान ‘यास’ के आज रात तक पूर्वांचल में असर दिखने की संभावना है। देर रात तेज हवाएं चलेंगी। भारी बारिश की भी संभावना जतायी जा रही है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 35 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। 28 मई तक इसका प्रभाव बना रहेगा। मौसम विभाग के अलर्ट के बाद जिला प्रशासन ने आमजन को सतर्कता बरतने के साथ ही घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की है। वाराणसी के अलावा बलिया, गाजीपुर, मिर्जापुर, जौनपुर जिलों में भी अलर्ट किया गया है।
वैसे चक्रवाती तूफान के असर की सुगबुगाहट मंगलवार रात से ही महसूस होने लगी जब पुरवा हवा के चलते वातावरण में उमस हावी होने लगी थी। मौसम वैज्ञानिक प्रो.एसएन पांडेय ने बताया कि 25 मई की रात उड़ीसा, पश्चिम बंगाल की तटों पर टकराने के बाद तूफान का रुख झारखंड की ओर होगा। उसके असर से 26 व 27 को झारखंड में तेज हवा के साथ भारी बारिश होगी। इसका गंभीर असर बिहार में भी 27 मई तक आ जाएगा। पूर्वी यूपी तक उसका असर रहेगा। वाराणसी सहित आसपास के जिलों में भी तेज हवा और बारिश होने की संभावना जतायी गयी है।

पाठको की राय