Monday, October 19th, 2026

दहेज मांग पूरी नहीं होने पर पति ने डंडों से पीटकर ले ली नवविवाहिता की जान

सतना
सतना जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. दहेज के लालच में एक पति ने नवविवाहिता को मौत के घाट उतार दिया. आरोपी पति, पत्नी से मायके से रुपए मांगने की डिमांड कर रहा था. पत्नी के मना करने पर आरोपी उसे पीटने लगा. आरोपी ने पीट-पीटकर नवविवाहिता को मौत के घाट उतार दिया. फिलहाल आरोपी की तलाश की जा रही है.

सतना जिले के जरियारी गांव में राधा पटेल नाम की नवविवाहिता की मौत हो गई. राधा का विवाह जरियारी गांव के रहने वाले पुष्पेंद्र पटेल से 11 महीने पहले हुआ था. राधा का मायका रामनगर थाना इलाके की बाबूपुर गांव में है. दोनों की शादी 30 जनवरी 2022 को हुई थी. शादी के समय राधा के पिता ने डेढ़ लाख रुपए की रकम दहेज के रूप में दी थी. इसके बाद पुष्पेंद्र और दहेज की मांग करने लगा. इसके लिए वह राधा को प्रताड़ित करने लगा. इस तरह आरोपी पुष्पेंद्र राधा से 5 लाख रुपए की मांग कर रहा था.

पति ने डंडों से बेरहमी से पीटा
पति की प्रताड़ना से परेशान होकर राधा ने इसकी जानकारी अपने मायके वालों को दी थी. राधा के परिजनों ने दोनों पति-पत्नी के बीच समझौता भी करवाया था. इसके बाद भी पुष्पेंद्र दोबारा दहेज के लिए दबाव बनाने लगा. फिर पुष्पेंद्र ने राधा से 5 लाख रुपए पिता से मांगने का दबाव बनाया. इस पर राधा ने पिता के पास इतने पैसे ना होने की बात कही. गुस्से में पुष्पेंद्र ने राधा को डंडों से पीट-पीटकर घायल कर दिया और फरार हो गया. घायल राधा को अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

 

Source : Agency

पाठको की राय