पति व ससुर ने मिलकर महिला के साथ न सिर्फ मारपीट की बल्कि भाई के सामने बहन के मुंह में उड़ेल दी कीटनाशक दवा
गजरौला
पति व ससुर ने मिलकर एक महिला के साथ न सिर्फ मारपीट की बल्कि जान से मारने की नीयत से उसके मुंह में फसलों में उपयोग होने वाली कीटनाशक दवा भी उड़ेल दी। इस दौरान भाई ने विरोध किया तो आरोपितों ने उसके साथ भी मारपीट की। इस मामले की तहरीर थाने में दे दी गई।
यह है मामला
मामला गांव फिरोजपुर का है। जनपद हापुड़ के थाना गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के गांव बागड़पुर निवासी शीला की शादी गजरौला थाना क्षेत्र के गांव फिरोजपुर में सुरेंद्र के साथ हुई थी। मंगलवार की रात करीब साढ़े आठ बजे शीला के मायके वालों को सूचना मिली कि ससुराल के लोग उसके साथ मारपीट कर रहे हैं।
इसके बाद शीला का भाई जयप्रकाश अपने एक साथी के साथ उसकी ससुराल में पहुंच गया। आरोप है कि ससुराल में पति व ससुर ने महिला के हाथ पैर बांध रखे थे और उसके साथ मारपीट कर रहे थे। भाई ने विरोध किया तो उसके साथ भी मारपीट शुरू कर दी। भाई की मौजूदगी में उसकी आंखों के सामने बहन के मुंह में दोनों आरोपियों ने फसलों में उपयोग होने वाली कीटनाशक दवा भी जबरदस्ती उड़ेल दी, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई।
आनन फानन में महिला को हाईवे किनारे स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। प्रभारी निरीक्षक हरीश वर्धन सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जांच कराकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
#the medicine was poured into the sister's mouth

पाठको की राय