तीनों दिग्गजों की बिहार यात्रा से संबंधित कार्यक्रम को अंतिम रूप देने में सरकारी तंत्र जुटा हुआ, सम्राट चौधरी ने बताई पूरी बात
पटना
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एवं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह राज्य के दौरे पर आने वाले हैं। तीनों दिग्गजों की बिहार यात्रा से संबंधित कार्यक्रम को अंतिम रूप देने में सरकारी तंत्र जुटा हुआ है। संभव है कि प्रधानमंत्री बिहार की वर्षों से लंबित कई मांगों को पूरा करने की घोषणा करें। वे घोषणाएं अरबों रुपये की योजनाओं से संबंधित हो सकती हैं। वहीं, दूसरी ओर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) भी ताबड़तोड़ उद्घाटन एवं शिलान्यास कर रहे हैं। इससे साफ है कि चुनावी माहौल बनाने के लिए डबल इंजन की सरकार तमाम जतन कर रही है। इधर, सत्ता पक्ष की इस तेजी को भांप कर विपक्ष की भी सक्रियता बढ़ गई है।
सम्राट का दावा- 2 लाख करोड़ का उपहार देंगे PM Modi
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी (Samrat Chaudhary) का दावा है कि प्रधानमंत्री सप्ताह भर के अंदर बिहार को दो लाख करोड़ रुपये से अधिक का उपहार देंगे। इस राशि से आधारभूत संरचना संबंधित क्षेत्र को सुदृढ़ किया जाएगा। रोजगार सृजन की पहल होगी।
औरंगाबाद और बेगूसराय में पीएम की जनसभा
उल्लेखनीय है कि दो मार्च को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी औरंगाबाद एवं बेगूसराय आ रहे हैं। दोनों संसदीय क्षेत्रों में उनकी सभा होनी है। इससे पहले प्रधानमंत्री ने रविवार को ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी स्वास्थ्य ढांचा सुदृढ़ करने के लिए प्रदेश के 13 चिकित्सा संस्थानों काे सुदृढ़ करने का उपहार दिया। इन अस्पतालों की आधारभूत संरचना का विकास किया जाएगा।
राजनाथ सिंह सिवान, सीतामढ़ी व दरभंगा में करेंगे रैली
इसमें पूर्णिया मेडिकल कालेज, नालंदा माडल हास्पिटल के अलावा 11 कम्युनिटी हेल्थ सेंटर सम्मिलित हैं। प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत इनकी शुरुआत की गई है। उल्लेखनीय है कि 28 फरवरी को राजनाथ सिंह तीन लोकसभा क्षेत्र (सिवान, सीतामढ़ी एवं दरभंगा) के लोगों को संबोधित करेंगे। पांच मार्च को अमित शाह पाटलिपुत्र संसदीय क्षेत्र के पालीगंज में जनसभा को संबोधित करने आ रहे हैं।
राहुल-तेजस्वी की जोड़ी ने बढ़ा दी सरगर्मी
महत्वपूर्ण यह कि इससे पहले आइएनडीआइए की ओर से पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भारत जोड़ो न्याय यात्रा एवं पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने जन विश्वास यात्रा शुरू कर चुनावी सरगर्मी बढ़ा दी है। दोनों युवा नेताओं की पहल ने राजग (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) को सतर्क कर दिया है। दोनों की यात्रा में जुटान से चुनावी गर्मी बढ़ी हुई है। अब देखना यह है कि युवा जोड़ी इस भीड़ को मत में बदलने में कितना सफल होती है। लोकसभा में अभी राजद का खाता खाली है।

पाठको की राय