Saturday, October 24th, 2026

नदी में छलांग लगाकर छात्रा ने दी जान, स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी किशोरी

संतकबीरनगर
संतकबीरनगर जिले में स्कूल जा रही छात्रा ने नदी में छलांग लगाकर जान दे दी। छात्रा धनघटा थाना क्षेत्र के दुघरा कला की रहने वाली थी। वह घर से स्कूल जाने की बात कहकर साइकिल से निकली। अज्ञात कारणों से मुखलिसपुर पुल से उसने छलांग लगा दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने शोर मचाया और घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने नदी में छात्रा की तलाश शुरू कर दी। घंटों प्रयास के बाद नदी में उसका शव गोताखोरों के सहयोग से पुलिस ने बरामद किया।

यह है मामला
धनघटा थाना क्षेत्र के दुघरा कला निवासी संजना उम्र 16 वर्ष पुत्री कुशहर रोज की भांति मंगलवार को साइकिल से नाथनगर पढ़ने जा रही थी। अज्ञात कारणों से मुखलिसपुर पुल पर साइकिल व आधार कार्ड तथा अपना बैग रखकर नदी में छलांग लगा दी। मौके पर गुजर रहे लोगों ने छात्रा को छलांग लगाते देख शोर मचाया तथा घटना की सूचना पुलिस को दिया। मौके पर पहुंची महुली व धनघटा पुलिस नदी में कूदी छात्रा की तलाश शुरू कर दी।

घंटों बाद मिला शव
घंटों के मशक्कत के बाद महोली पुलिस ने गोताखोरों के सहयोग से शव को बरामद किया और अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष महुली ने बताया कि लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने नदी से गोताखोरों के सहयोग से शव को बरामद कर लिया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। घटना के संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

परिवार में मचा कोहराम
छात्रा की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घरवालों का रो- रो कर बुरा हाल है। वहीं उनका कहना है कि घर से रोज की तरह ही खुशी- खुशी स्कूल जाने के लिए साइकिल से गई थी। अनहोनी के वजह का पता अभी तक नहीं चल सका है।

 

#The girl

Source : Agency

पाठको की राय