हरदा में धमाका इतना भीषण था कि परमाणु बम फटने जैसी स्थिति लगी, 11 की मौत, 50 फायर टेंडर मौके पर
हरदा
लाशों के चीथड़े, चीख पुकार और बचकर भागने की हर मुमकिन कोशिश...। मध्य प्रदेश के हरदा का फिलहाल यही हाल है। एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में लगी आग ने ऐसा विकराल रूप धारण किया कि धूं-धूं कर आसपास के मकान तक जलने लगे। अब तक फैक्ट्री के पास स्थित 60 से ज्यादा घर चपेट में आ चुके हैं 11 मौतें हो चुकी हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि धमाका इतना भीषण था कि परमाणु बम फटने जैसी स्थिति लगी। पटाखा फैक्ट्री में लगी आग के बाद बारूद का जखीरा परमाणु बम या ज्वालामुखी की तरह फटा। आसमान तक उठती लपटें और कान के पर्दे फाड़ देने वाले धमाके के बीच करीब एक दर्जन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। कई लोगों के शरीर के चीथेड़े उड़ गए। बारूद का धुआं और धमाका शांत होने तक मरने वालों की संख्या और ज्यादा बढ़ने की आशंका है।
यह मौतें इतनी दर्दनाक हैं कि उनकी तस्वीरें भी यहां छापी नहीं जा सकतीं। फैक्ट्री से कुछ दूरी पर ही रहने वाले एक शख्स ईरान खान ने बताया कि यह धमाका इतना भीषण था कि तीन किलोमीटर तक इसकी आवाज सुनाई दी। अब तक मिली जानकारी के मुताबिक इस अवैध फैक्ट्री में कोई मामूली बारूद भी नहीं था बल्कि इसकी मात्रा करीब टन थी। अब तक आई सूचना के अनुसार आधा किलोमीटर के दायरे में नुकसान हुआ है। अब तक तीन बड़े धमाके हो चुके हैं। यह घटना इसलिए भी चिंता बढ़ा रही है क्योंकि 4 साल पहले भी ऐसा ही एक हादसा हुआ था। उस घटना में भी 4 लोगों की मौत हो गई थी।
पटाखे की जिस अवैध फैक्ट्री में धमाका हुआ है, वह मगरधा रोड पर बैरागढ़ गांव में है। फैक्ट्री में मंगलवार सुबह करीब 11 बजे इतना तेज धमाका हुआ कि पूरा शहर दहल उठा। आतिशबाजी के लिए घरों में रखे बारूद के संपर्क में आकर आग ने विकराल रूप ले लिया। इसकी वजह से क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल है। फैक्ट्री से उठती आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर से देखा जा सकता। 25 से अधिक घायलों को हरदा जिला अस्पताल ले जाया गया है। प्रशासन ने 100 से ज्यादा घर खाली करवा दिए हैं। धमाके की चपेट में आने से कई राहगीर वाहन समेत दूर उछल गए। फैक्ट्री में रुक-रुककर धमाके हो रहे हैं।
इंदौर-नर्मदापुरम से भारी टीम हरदा रवाना
इंदौर से 20 आईसीयू एम्बुलेंस हरदा के लिए रवाना हो गई हैं. इंदौर कलेक्टर आशीष सिंह ने एमवाय हॉस्पिटल में बर्न यूनिट का निरीक्षण किया. फायर फाइटर की टीम, बर्न स्पेशलिस्ट डॉक्टर इंदौर से हरदा के लिए रवाना हो गए हैं. हरदा के पटाखा फैक्ट्री में हुई भीषण दुर्घटना के मद्देनजर नर्मदापुरम कलेक्टर सोनिया मीना ने तीन एंबुलेंस, 6 फायर ब्रिगेड रवाना की हैं. रेस्क्यू के लिए 19 एसडीआरएफ जवानों को आपदा सामग्री के साथ भेजा गया है. जवानों के साथ आग बुझाने वाले यंत्र, फायर एंट्री शूट, सर्च लाइट, स्ट्रेचर, हेलमेट, ब्रीथिंग अप्रेटस सेट ट्रेवलर बस और रेस्क्यू वाहन से भेजे गए हैं.
मुख्यमंत्री ने की आपात बैठक
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने हरदा की घटना का संज्ञान लेते हुए मंत्री उदय प्रताप सिंह, एसीएस अजीत केसरी, डीजी होम गार्ड अरविंद कुमार को हेलीकॉप्टर से हरदा जाने के निर्देश दिए हैं। भोपाल और इंदौर के मेडिकल कॉलेजों के साथ-साथ एम्स भोपाल में बर्न यूनिट को आवश्यक तैयारी करने को कहा है। साथ ही इंदौर और भोपाल से फायर ब्रिगेड की दमकलों को भेजा जा रहा है। राहत कार्यों के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं।
#अवैध पटाखा फैक्ट्री में लगी आग

पाठको की राय